बालोद में 399 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात दी सीएम ने, दोनों विधायकों ने क्या-क्या रखी मांगे, सीएम क्या बोले पढ़िए विस्तृत खबर
बालोद। जिस गांव में आज तक सड़क नहीं बनी। वह गांव जो जंगल से घिरा हुआ है और सड़क के लिए तरस रहा है। आजादी के बाद भी पक्की सड़क को मोहताज है। उस गांव की व्यथा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़कर जब एक किसान ने रखी तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे गंभीरता से लिया और तत्काल इसकी घोषणा कर दी। यह वाकया हुआ मंगलवार को वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान बालोद जिले में 399 करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण व भूमि पूजन के दौरान। जब विभिन्न योजना से जुड़े हुए हितग्राहियों को भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोड़कर उन्हें बोलने का मौका दिया गया। इस बीच छत्तीसगढ़ी में बोलते हुए गुरुर ब्लॉक के ग्राम बोरीदकला के आश्रित ग्राम आमापानी के किसान रामाधीन मरकाम ने अपनी पीड़ा भी बताई कि उनके गांव में अब तक सड़क नहीं बनी है। उन्होंने छत्तीसगढ़ी में कहा मोर एकठन रिक्वेस्ट रिहिस सर,, हमर गांव एक दम जंगल क्षेत्र में हे। बालोद जिला के अंतिम छोर गंगरेल बांध से डेढ़ किमी दूर बसे है। उहा थोड़ा से जंगल वन मार्ग पड़ जाथे। बारिश में आय जाय बर तकलीफ होथे सर। ओम पक्की रोड हो जाए तो। सीएम ने पूछा वन विभाग के जमीन हरे? किसान बोले- वन मार्ग तो पड़थे सर। सीएम ने कहा उहा डीएफओ तो हाबे, ओ बनाही तुंहर सड़क,ओकर घोषणा किए जात हे। सीएम की इस घोषणा से तालियों की गड़गड़ाहट गूंज उठी और किसान के चेहरे पर मुस्कान आ गई। जब किसान गांव लौटा और इसकी जानकारी अपने गांव के अन्य लोगों को दी तो खुशी की लहर दौड़ पड़ी।आमापानी से पहुंचे उक्त किसान रामाधीन मरकाम द्वारा फलदार वृक्ष लगाने की इच्छा सीएम से जाहिर की गई । बताया कि उनके गांव में सौर ऊर्जा के क्षेत्र में काफी अच्छा काम हुआ है। खेतों में सौर ऊर्जा चलित मोटर पंप लगे हैं तो गलियों में सौर ऊर्जा से स्ट्रीट लाइट लगाकर रोशनी की जा रही है। कलेक्टर दो तीन बार उनके गांव आ चुके हैं। उन्होंने बताया कि वे मटका सिस्टम से भी सिंचाई करके फसल लगाते हैं। इससे खेतों में पानी की खपत कम होती है।

सीएम ने नगरपालिका बालोद के लिए की एक करोड़ की घोषणा, विधायको की अन्य मांगों पर कहा विचार करेंगे

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए बालोद जिले में 399 करोड़ 32 लाख के 187 विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। इस कार्यक्रम में बालोद के नए खुल रहे अंग्रेजी माध्यमिक स्कूल में मौजूद अतिथियों ने सीएम को इन सब बातों के लिए आभार जताया। तो वही विधायकों ने अपने अपने क्षेत्र की कुछ समस्याएं भी रखी। तो वही सीएम ने अपने उद्बोधन के दौरान नगर पालिका बालोद के अध्यक्ष विकास चोपड़ा का जिक्र करते हुए कहा कि उनसे कल ही बात हुई है। उन्होंने भी अपनी समस्या बताई है। वहां पाइपलाइन विस्तार का काम बचा हुआ है। इसके लिए उन्होंने 1 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। कार्यक्रम के बाद सभी अतिथि जल आवर्धन योजना स्थल पर निर्मित वाटर फिल्टर प्लांट का जायजा लेने के लिए भी पहुंचे थे।
संसदीय सचिव कुंवर ने रखी ये मांगे, केंद्रीय विद्यायल पर जोर

संसदीय सचिव व गुंडरदेही के विधायक कुंवर सिंह निषाद ने प्रमुख रूप से अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए मांग रखी कि खरखरा मोहन्दीपाट परियोजना के अंतर्गत शून्य से 17 किलोमीटर के लाइनिंग के कार्य के लिए स्वीकृति दी गई है। काम भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि 17 से 33 किलोमीटर तक के लिए भी लाइनिंग की स्वीकृति दी जाए ताकि काम अधूरा ना रहे। काम पूरा हो और जो पानी व्यर्थ बहता है उसे रोका जा सके और किसानों को फायदा हो। उन्होंने डौंडीलोहारा के अंतिम छोर पर बसे गांव पिनकापार में आवासीय विद्यालय खोलने की मांग की ताकि इस इलाके के अंतिम छोर में रहने वाले छात्र छात्राओं को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा देवरी में उप तहसील पहले से संचालित है वहां पूरा सेटअप भी है इसके लिए कहा कि उप तहसील को तहसील बनाया जाए। वहां बोर्ड लगा है उप तहसील का उसमें उप को मिटाया जाए। सिर्फ तहसील रहने दे और बाकी तहसील की तरह हर काम वहां किया जाए।उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय पैरी में खोलने के लिए उन्होंने सबसे पहले से ही प्रस्ताव एनओसी के साथ दे चुके हैं। उसे वहां खोला जाए। वहां 12 एकड़ जगह सुरक्षित है। अगर पैरी में केंद्रीय विद्यालय खुलता है तो इसका लाभ तीनों विधानसभा क्षेत्र के बच्चों को मिलेगा। क्योंकि पैरी जिले के बीचोबीच स्थित गांव हैं। उन्होंने करकाभाट शक्कर कारखाना को लेकर कहा कि पिछले सरकार की गलतियों के चलते किसान गन्ना लगाने में रुचि नहीं लेते हैं। गन्ना कारखाना घाटे में भी चल रहा है। किसानों को प्रोत्साहन की जरूरत है। इसके लिए अगर एथेनॉल उत्पादन करने की अनुमति दी जाए तो स्थिति सुधारी जा सकती है और गन्ने का रकबा भी बढ़ाया जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने अर्जुंदा में खुलने वाले अंग्रेजी माध्यम स्कूल के लिए सीएम का आभार जताया व कहा कि वर्तमान में वह भारती विद्यालय के स्कूल में चल रहा है। सरकार की योजना है कि स्कूल के कुछ हिस्से को तोड़कर वहां नया बिल्डिंग बनाया जाए। पर संसदीय सचिव ने मांग किया कि नया बिल्डिंग खाली जमीन पर बनाया जाए। उसके बगल में बहुत जगह खाली है। बिल्डिंग को ना तोड़ा जाए जितनी राशि स्वीकृत है उस राशि से खाली जमीन पर नया बिल्डिंग बनाया जाए। उन्होंने कहा कि मेरे विधानसभा में 117 करोड़ के 48 कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने सीएम का हाल ही में स्वीकृत 5 करोड़ 50 लाख
के भाटागांव लिफ्ट इरिगेशन परियोजना के लिए भी आभार जताया व कहा कि काम शुरू हो रहा है। इसका लोकार्पण भी आप से ही करवाउंगा।
हितग्राहियों ने भी बताई योजना की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित विभिन्न योजना से जुड़े हुए हितग्राहियों ने उन्हें जो फायदा हुआ व क्या विशेष कार्य कर रहे हैं इसके बारे में भी बताया। बालोद बाजार नाम के जरिए स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही बालोद जिले की 14 समूहों के 130 महिलाओं का नेतृत्व करते हुए एक समूह की महिला ने अपनी उपलब्धि बताई कि हमें 5 लाख का फायदा हुआ है। अब तक 12 लाख का सामान बेच चुके हैं। यह महिलाएं अचार मसाला सहित 40 तरह के समान बनाती हैं। इसी तरह बरही की महिलाओं ने बोरी खरीदी को लेकर अपनी समस्या भी रखी।

इस वर्चुअल कार्यक्रम को रायपुर में मौजूद मंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग अनिला भेड़िया, ताम्रध्वज साहू गृह मंत्री, कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, वन मंत्री अकबर, प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत, मंत्री रुद्र कुमार, शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सहित अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने अंत में गरीबों को नवंबर तक निशुल्क राशन देने का भी ऐलान किया। साथ ही जल जीवन मिशन को 2023 तक पूरा करने की बात कही। जिसमें हर घर मुफ्त नल कनेक्शन दिया जा रहा है। तो वही बालोद के दोनों विधायकों के जरिए जो भी मांगे आई थी उन पर विचार करने की बात कही। इस वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान बालोद जिले के कलेक्टर जन्मेजय महोबे एसपी जितेंद्र मीणा
सहित विभिन्न अधिकारी कर्मचारी के अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष सोना देवी देशलहरा, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, नपा अध्यक्ष विकास चोपड़ा मौजूद रहे।
बालोद विधायक ने सीएम से की कृषि महाविद्यालय खोलने की मांग

बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए गुरुर बालोद क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न मांगे रखी व जिन विकास कार्यों के लिए पूर्व में स्वीकृति दी जा चुकी है उनके लिए सीएम का आभार जताया। विधायक संगीता सिन्हा ने प्रमुख रूप से क्षेत्र में कृषि महाविद्यालय खोलने की मांग मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे से की। उनकी मांगों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पर विचार करेंगे। अपने उद्बोधन के दौरान विधायक संगीता सिन्हा ने सरकार की गोधन न्याय योजना की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इस योजना से ग्रामीणों को काफी भला हुआ है। लोगों ने गोबर बेचकर जो पैसे हासिल हुए हैं उससे कई चीजें खरीदी है। कई लोगों ने मंगलसूत्र तक खरीद लिया। उन्होंने कोरोना की स्थिति पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ प्रमुख रूप से सीएम का आभार जताया व लोगों से आगे भी सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेरे विधानसभा क्षेत्र में 129 करोड़ के विकास कार्य की सौगात मिली है। जिसके लिए मैं मुख्यमंत्री की आभारी हूं।
इन कार्यो का हुआ लोकार्पण व भूमिपूजन

जिले को 399 करोड़ 32 लाख रूपए लागत के 187 विभिन्न निर्माण कार्यों का वर्चुअल लोकार्पण और भूमिपूजन कर विकास कार्यों की सौगात दी गई। जिसमें 97 करोड़ 06 लाख रूपए लागत के 66 विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 302 करोड़ 26 लाख रूपए लागत से बनने वाले 121 विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री बघेल जिन कार्यों का लोकार्पण किया, उसमें 24 करोड़ 25 लाख रूपए लागत के बालोद आवर्धन जलप्रदाय योजना, 16 करोड़ 01 लाख रूपए लागत के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डौण्डी का निर्माण, 13 करोड़ 74 लाख रूपए लागत के 12 जी टाईप, 96 एच टाईप क्वाटर्स निर्माण, 04 करोड़ 80 लाख रूपए लागत के स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल आमापारा बालोद का निर्माण कार्य, 02 करोड़ 60 लाख रूपए लागत के ग्राम पटेली के तांदुला नदी पर एनीकट का निर्माण आदि कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इन कार्यो का हुआ भूमिपूजन

मुख्यमंत्री श्री बघेल जिन कार्यों का भूमिपूजन किया, उसमें 40 करोड़ 74 लाख रूपए लागत के अवारी कुंआगोंदी आमाडुला मार्ग उन्नयन, 23 करोड़ 15 लाख रूपए लागत के गुण्डरदेही बायपास मार्ग (खल्लारी) से मडि़यापार मार्ग का निर्माण, 13 करोड़ 01 लाख रूपए लागत के भंवरमरा से मंगचुवा-कर्रेझर सड़क निर्माण, 11 करोड़ 05 लाख रूपए लागत के आमाडुला-सिंघोला से बेलोदा-गोड़पाल-मुल्लेगुड़ा सड़क निर्माण, 10 करोड़ 57 लाख रूपए लागत के कुसुमकसा से पण्डेल सिंघनवाही सड़क निर्माण आदि कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।
गुरुर जनपद में भी हुआ आयोजन

इधर जनपद पंचायत गुरुर में भी लोग इस आयोजन से जुड़े। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के द्वारा बालोद जिले के कई कार्यों का लोकार्पण किया गया। जनपद गुरूर में प्रभात कुमार दुबे अध्यक्ष जनपद पंचायत गुरूर तोषण साहू उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष ,एसडीएम श्रीवास्तव सहित जनपद गुरूर के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
संबंधित खबर
ऐसी रोचक खबरों के लिए जुड़े हमारे ग्रुप से व नम्बर 9755235270 व 7610204196 को अपने ग्रुप में जोड़े,,, ग्रुप से जुड़ने यहां लिंक पर क्लिक करें