
बालोद/गुंडरदेही। गुंडरदेही पुलिस ने एक दुकानदार से ₹6000 छीनकर भागने वाले तीन अज्ञात आरोपियों का सीसीटीवी फुटेज जारी किया है। अर्जुंदा चौक पर लगे कैमरे में बाइक सवार कैद हुए हैं। जो राजनांदगांव रोड की ओर आगे बढ़े हैं। घटना 4 जून की शाम की है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। घटना के दौरान आरोपी मास्क लगाए हुए थे। जब दुकानदार द्वारा घटना की सूचना दी गई तब सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर उक्त फोटो वीडियो सामने आया। जिसे पुलिस ने सोशल मीडिया में जारी कर सुराग तलाशने की कोशिश की है। आप भी इन तस्वीरों को देखिए, समझिए अगर इनके बारे में इनका कुछ सुराग मिलता है तो पुलिस को खबर करिए।
इस तरह से हुई घटना- दुकानदार को किया गुमराह, धमकाया और पैसा छीन कर चले गए

पुलिस के मुताबिक रजौली का रहने वाला किराना दुकान व्यवसाई डोमेंद्र सिन्हा सामान लेने के लिए गुंडरदेही आया। कुछ सामान लेकर वापस जा रहा था। इस बीच उक्त तीनों आरोपी उनका पीछा करते हुए आए और उन्हें कहने लगे कि तुमने हमें गाली दी है। डोमेन्द्र ने कहा कि मैंने कोई गाली नहीं दी, मैं तो आपको जानता भी नहीं। तो फिर आरोपी उससे जबरदस्ती करने लगे और उनका बैग चेक करने लगे। उनका मोबाइल भी पकड़ लिए। थोड़ी देर बाद मोबाइल वापस कर जेब में रखे पैसे को छीन लिया और तीनों बाइक चालू कर फरार हो गए। बाइक हीरो होंडा शाइन थी। जिसमें नंबर प्लेट भी नहीं लगा हुआ था। गुंडरदेही पुलिस बालोद जिले के सभी थानों को यह फोटो भेज कर संदेहियों की तलाश कर रही है तो वही पड़ोसी जिलों की पुलिस की भी मदद ली जा रही है।
क्या बोले थाना प्रभारी
थाना प्रभारी रोहित मालेकर ने बताया गुण्डरदेही में दिनांक 4 जून को शाम 4.30 बजे चावड़ा इंटा फैक्टरी के सामने तीन अज्ञात दुपहिया वाहन सवार व्यक्तियों द्वारा रजौली निवासी डोमेन्द्र सिन्हा को रोककर उससे 6 हजार रुपये छीन लिए हैं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर गुण्डरदेही में अप क्र.- 109/21 धारा 356,379,34 भा. द. वि.का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है। धमतरी चौक व अर्जुन्दा चौक में लगे कैमरे से प्राप्त फुटेज मुताबिक आरोपी घटना कारित कर अर्जुन्दा -राजनांदगांव रोड की ओर गए है। सभी थाना प्रभारी के अलावा आम जनता से भी कहा गया है कि फुटेज का अवलोकन कर आरोपियों की पता तलाश अपने अपने थाना क्षेत्र में करे ,पता चलने पर थाना गुण्डरदेही को अवगत कराए। कोई भी सुराग मिलने पर गुंडरदेही थाने के नम्बर 9479192047 पर सूचित करें।
