DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जुंगेरा की भगवंतीन चंद्राकर को लगा 18 प्लस वर्ग में पहला टीका, प्रभारी मंत्री अमरजीत ने की वीडियो कॉल से बात

बालोद। शुक्रवार की दोपहर तक शासन द्वारा वैक्सीन की सप्लाई में कमी के चलते 18 प्लस वर्ग को टीका लगवाने पर कार्य योजना टाल दी गई थी। फिर देर शाम को सीएम द्वारा सभी कलेक्टर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक लेकर तय किया गया कि प्रदेश को 103040 टीका मिला है जिससे कुछ वर्ग को राहत देते हुए शुरुआत की जा सकती है और तय हुआ कि अंत्योदय कार्ड धारियों को टीका लगा देंगे। शुक्रवार रात को 9 बजे मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को संबोधित किया और आनन-फानन में जिले भर में 18 प्लस वर्ग को टीकाकरण के लिए तैयारी शुरू की गई। हर ब्लाक के लिए 800- 800 टीके की डोज सप्लाई हुई है। जिसे फिलहाल अंत्योदय कार्ड धारियों को लगाया जा रहा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बताया कि टीका लगवाने के लिए संबंधित केंद्र में अंत्योदय कार्ड धारियों को अपना राशन कार्ड व आधार कार्ड लेकर जाना होगा। शनिवार को 18 से 44 साल वर्ग के लोगों को टीका लगवाने की शुरुआत हुई। बालोद जिले में पहला टीका बालोद ब्लाक के ग्राम जुंगेरा की रहने वाली भगवंतीन चंद्राकर को पहला टीका लगा।

खास बात यह है कि उक्त महिला से जिले के प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत ने वीडियो कॉल के जरिए बातचीत भी की।
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी एवं संस्कृति मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री अमरजीत भगत की वर्चुअल उपस्थिति में जिला मुख्यालय बालोद के नवीन टाउन हॉल वैक्सीनेशन सेंटर में 18 वर्ष से 45 वर्ष आयु समूह के ग्रामीण क्षेत्र के अंत्योदय कार्डधारी हितग्राहियों का कोविड-19 का टीकाकरण शुरू हुआ। बालोद विकासखण्ड के ग्राम जुंगेरा की अंत्योदय कार्डधारी हितग्राही श्रीमती भगवंतीन चन्द्राकर को पहला टीका लगाया गया। प्रभारी मंत्री श्री भगत ने वर्चुअल माध्यम से हितग्राही श्रीमती भगवंतीन चन्द्राकर से बातचीत कर उन्हें अपनी शुभकामनाएॅ दी। प्रभारी मंत्री श्री भगत ने 18 वर्ष से 45 वर्ष आयु समूह के गरीब तबके के अंत्योदय कार्डधारियों को सबसे पहले कोविड-19 का टीकाकरण के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से मई और जून माह का खाद्यान्न एकमुश्त देने का फैसला लिया गया है।
कलेक्टर जनमेजय महोबे ने जिले को उपलब्ध टीके की जानकारी प्रभारी मंत्री को दिए। उन्होंने बताया कि राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के 18 वर्ष से 45 वर्ष आयु समूह के ग्रामीण क्षेत्र के अंत्योदय कार्डधारी हितग्राहियों को चिन्हांकित कर जिला अस्पताल बालोद, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गुरूर, गुण्डरदेही, डौण्डीलोहारा और डौण्डी में कोविड-19 का टीकाकरण किया जा रहा है। इस अवसर पर कोविड-19 टीकाकरण के जिला नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर अभिषेक दीवान, डिप्टी कलेक्टर सुब्रत प्रधान, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. एस.के.सोनी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. भूमिका वर्मा, तहसीलदार रश्मि वर्मा सहित हितग्राही आदि मौजूद थे।

You cannot copy content of this page