काम की खबर- 18 साल से अधिक उम्र के टीकाकरण के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन आज से शुरू, देखिये कैसे शाम 4 बजे से करवा सकेंगे रजिस्ट्रेशन, 1 मई से लगेगा टीका



बालोद/छग। देश इस वक्त कोरोना से जंग लड़ रहा है। संकट की इस घड़ी में कोरोना वैक्सीनेशन ड्राइव को तेज किया गया है। 1 मई 2021 से देश में 18 वर्ष से ऊपर के लोगों को कोरोना वैक्सीन लगना शुरू हो जाएगा। इसके लिए 28 अप्रैल शाम 4 बजे से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा । पात्र सभी भारतीय नागरिक वैक्सीन लगवाने के लिए को- विन एप (Cowin APP) cowin.gov.in या फिर आरोग्य सेतु एप (Aarogya Setu App) पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। वर्तमान में 45 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग टीकाकरण किया जा रहा है। अगले महीने यानी 1 मई, 2021 से 18-44 वर्ष आयु वर्ग के लिए भी कोरोना वैक्सीनेशन शुरू किया जाएगा। तो आइये जानें इससे जुड़ी सभी जरूरी जानकारी।

कोविन या अरोग्य सेतु एप पर करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन

18-44 की आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण के लिए रजिस्ट्रेशन 28 अप्रैल से शुरू हो गया है। दो माध्यमों के जरिए रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। कोविन (CoWIN) प्लेटफॉर्म और अरोग्य सेतु एप (Aarogya Setu App) पर पंजीकरण शुरू होगा। वैक्सीनेशन के लिए दस्तावेज प्रक्रिया पहले की तरह ही रहेगी। इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण के लिए सरकार ने फैसला लिया है कि CoWIN पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन और अपॉइनमेंट लेना अनिवार्य होगा।

वॉक-इन वैक्सीनेशन नहीं होगा

ध्यान देने वाली बात यह है कि वॉक-इन वैक्सीनेशन नहीं होगा। जैसे ही आप इन दोनों माध्यमों के जरिए रजिस्ट्रेशन कराएंगे तो आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर कन्फर्मेशन आएगा, जिसे आपको चेक करना होगा। अपॉइनमेंट मिलने के बाद वैक्सीन लगवाने दौरान अपनी स्लिप और फोटो आईडी साथ लेकर जरूर जाए। हालाँकि जिन्हें रजिस्ट्रेशन कराने नहीं आयेगा उन्हें अस्पताल में स्टाफ रजिस्ट्रेशन करके टीका लगायेंगे लेकिन प्राथमिकता उन्हें ही दी जाएगी जो पहले से रजिस्ट्रेशन करवा कर आएंगे.

कोरोना वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कैसे होगा

कोरोना वैक्सीन के लिए आरोग्य सेतु एप और कोविन वेबसाइट (cowin.gov.in) पर रजिस्ट्रेशन हो रहा है। इसके लिए आपको यह करना होगा…

-मोबाइल नंबर को OTP से वैरिफाई करना होगा।

-आधार कार्ड, पैनकार्ड या किसी अन्य फोटो पहचान पत्र के अनुसार जानकारी देनी होगी।

-एक मोबाइल नंबर से अधिकतम चार लोगों का रजिस्ट्रेशन हो सकेगा।

सरकारी अस्पतालों में वैक्सीन फ्री में लगेगी। प्राइवेट अस्पतालों में वैक्सीन लगवाने पर शुल्क देना पड़ेगा।

-जिन राज्यों ने 18 साल से उपर के लोगों को फ्री वैक्सीन देने के फैसला किया है । वहां भी यहीं व्यवस्था होगी।

इन राज्यों में सभी को फ्री वैक्सीन देने की घोषणा

केंद्र सरकार ने जैसे ही 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीनेट करने की घोषणा की, उप्र सरकार से सबसे पहले सभी को फ्री वैक्सीन लगाने का एलान किया। इसके बाद अब तक 24 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश फ्री में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाने की घोषणा कर चुके हैं। इसमें मप्र, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, हिमाचल, राजस्थान, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, असम, गोवा, तमिलनाडु,तेलंगाना, आंध्रप्रदेश, केरल, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, कर्नाटक, उत्तराखंड शामिल है। 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के वैक्सीनेट का खर्च केंद्र सरकार उठा रही है। पश्चिम बंगाल में चुनावों की वजह से 5 मई से टीकाकरण शुरु होगा।

You cannot copy content of this page