दल्लीराजहरा।
नगर के वार्ड क्रमांक 02,03,05 और 09 को जल आवर्धन योजना में शामिल कर वार्डवासियों को योजना का लाभ दिलाने हेतु नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर ने कलेक्टर को मांग पत्र लिखा है। मांग पत्र के माध्यम से कहा गया कि नगर पालिका-दल्ली राजहरा क्षेत्रान्तर्गत वार्ड क्रमांक 02,03,05और 09 कई वर्षों से भिलाई इस्पात संयंत्र के भूमि पर बसा हुआ है।वर्तमान में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल आवर्धन योजना के तहत उक्त वार्डों को छोड़कर नगर के अन्य वार्डों में पाइपलाइन विस्तारीकरण का कार्य लगभग पूर्णता की ओर है। निकाय द्वारा मानव बसावट के आधार पर वार्ड क्रमांक 02,03,05 और 09 में बोर खनन कर हैंडपंप एवं सबमर्सिबल मोटर पम्प के माध्यम से पाइपलाइन विस्तारीकरण कर सार्वजनिक नल कनेक्शन के माध्यम से रहवासियों को पेयजल प्रदाय की जा रही है। भीषण गर्मी को देखते हुए पूर्व में खोदे गए अनेक बोर और हैंडपंप के जल स्रोत नीचे चला गया है। जिससे बोर एवं हैंडपंप बंद होने की स्थिति में है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा वार्ड क्रमांक 02,03,05, और 09 को बीएसपी भूमि होने के कारण जल आवर्धन योजना का लाभ नही दिया जा रहा है। वार्ड पार्षदों के मांग अनुसार उपरोक्त वार्डों को भी जल आवर्धन योजना में शामिल कर पाइपलाइन विस्तारीकरण के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आदेशित किया जाए।
नगर पालिका अध्यक्ष शीबू नायर ने कहा कि वार्ड क्रमांक-02,03,05 और 09 के बस्तियों में घनी आबादी निवासरत है और इन्हें भी जल आवर्धन योजना का लाभ मिलना चाहिए। भीषण गर्मी के कारण निकाय के अनेक बोर और हैंडपंप अभी से सुख गए हैं ऐसे में आगे की परिस्थितियों के लिये हमें अभी से तैयार रहना है। पालिका द्वारा लगातार बोर और हैंडपंपों को चिन्हांकित कर मरम्मत एवम फ्लसिंग का कार्य कराया जा रहा है।नगर में पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना हमारी पहली प्राथमिकता है।जल आवर्धन योजना नगर वासियों के लिये बड़ा सौगात है,बहुत जल्द नागरिको को फिल्टर्ड पेयजल का प्रदाय किया जायेगा। हमें पूरा विश्वास है कि प्रशासन द्वारा इस विषय पर त्वरित कार्यवाही किया जाएगा।
बीएसपी की भूमि के कारण दल्ली के 4 वार्ड हैं जल आवर्धन योजना से अछूते, अध्यक्ष ने कलेक्टर को लिखा पत्र, कहा इन्हें भी योजना में करें शामिल, पढ़िए पूरा मामला