DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बढ़ते कोरोना को नियंत्रित करने बस, शराब दुकान को लेकर धमतरी कलेक्टर ने जारी किया नया आदेश ? 5 अप्रैल से होगा प्रभावशील

दादू सिन्हा, धमतरी। जिले में कोरोना वायरस कोविड-19 के संक्रमण के प्रसार को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी जयप्रकाश मौर्य ने यात्री वाहन संचालकों को कोरोना संक्रमण से बचने के उपायों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। जारी आदेश के अनुसार बस संचालक के समस्त कर्मचारी मास्क एवं सैनिटाइजर का उपयोग करेंगे। बिना मास्क के किसी भी यात्री को यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी। कोरोना संक्रमण से संबंधित लक्षण पाए जाने पर यात्रियों को बसों में यात्रा की अनुमति नहीं रहेगी। यदि यात्रा के दौरान संदिग्ध व्यक्ति चिह्नांकित किया जाता है तो उस यात्री को निकटस्थ अनुविभागीय अधिकारी को सूचित कर हस्तांतरित किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रत्येक दिन कम से कम दो बार सोडियम हाइपोक्लोराइट के घोल से बसों को सैनिटाइज करने की जिम्मेदारी बस संचालकों की रहेगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। जिले में कोविड-19 कोरोना वायरस के संक्रमण की बढ़ती स्थिति को दृष्टिगत करते हुए इससे बचाव के लिए कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री जयप्रकाश मौर्य सभी देशी एवं विदेशी मदिरा दुकानों में मास्क पहनने, सामाजिक दूरी का पालन करने तथा मास्क धारण नहीं करने वालों पर 500 रूपए के अर्थदण्ड का प्रावधान किया है। आदेश के अनुसार सभी मदिरा दुकानों में कार्यरत कर्मी मास्क, सैनिटाइजर तथा कोरोना संक्रमण से बचने के उपायों का पालन करेंगे। जो ग्राहक मास्क पहनकर नहीं आएगा उसे मदिरा का विक्रय नहीं किया जाएगा, साथ ही उससे 500 रूपए का अर्थदण्ड भी वसूला जाएगा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी ने यह भी आदेशित किया है कि शराब खरीदते समय सामाजिक दूरी का पालन कठोरता से कराया जाए और इसकी जिम्मेदारी दुकान संचालक की होगी। इसके अलावा समय-समय पर लाॅउड स्पीकर के माध्यम से मुनादी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। शराब दुकान के आसपास एक किलोमीटर की परिधि में चखना आदि बेचने की अनुमति नहीं रहेगी और न ही शराब दुकान के आसपास शराब पीने की अनुमति रहेगी। सार्वजनिक स्थल पर मदिरापान करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। ग्राहक घर पर ही मदिरापान करेंगे। उन्होंने आदेश में यह भी कहा है कि जिले में संचालित सभी मदिरा दुकानें सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक ही खुलेंगी। उक्त आदेश आगामी पांच अप्रैल से 13 अप्रैल तक लागू रहेगा।

You cannot copy content of this page