प्रदेश संगठन महामंत्री ने बालोद में संगठनात्मक बैठक लेकर आगामी चुनावों की रणनीति पर किया मंथन
बालोद, 27 जुलाई 2026। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, जुंगेरा (बालोद) में सोमवार को छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के मुख्य आतिथ्य एवं मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के जिला पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित बूथ कार्यकर्ता है। बूथ संगठन की मूल इकाई है और प्रत्येक कार्यकर्ता का प्रथम दायित्व अपने बूथ को सशक्त, सक्रिय एवं आदर्श बनाना है। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ ही भाजपा की विजय का मजबूत आधार है।
उन्होंने आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर संगठन के विभिन्न दायित्वधारियों से संवाद किया तथा संगठनात्मक विषयों पर उनके सुझाव एवं अनुभव प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारियों, मोर्चों, प्रकोष्ठों एवं कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करता है। एक दिशा, एक लक्ष्य और सामूहिक कार्यशैली ही संगठन की सफलता की कुंजी है।
पवन साय ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन सर्वोपरि है। व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर सभी को एकजुट होकर संगठन हित में कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जहां एकता होती है, वहीं सफलता सुनिश्चित होती है। प्रत्येक कार्यकर्ता की सोच व्यापक होनी चाहिए और कमजोर एवं पिछड़े साथियों को साथ लेकर संगठन को आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं संगठन के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन एक-दूसरे के पूरक हैं। दोनों के बीच मजबूत संवाद एवं बेहतर समन्वय से जनता के हितों की प्रभावी पूर्ति संभव है।

प्रदेश संगठन महामंत्री ने प्रवास योजना को संगठन का “प्राणतंत्र” बताते हुए कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को प्रवास का दायित्व मिला है, वे इसे पूरी गंभीरता एवं निष्ठा से निभाएं। उन्होंने व्यक्तिगत संपर्क बढ़ाने, बूथों की मैपिंग करने, शक्ति केंद्रों को सुदृढ़ बनाने तथा प्रभावशाली कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दायित्व सौंपने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शक्ति केंद्र की संरचना मजबूत एवं सक्रिय होनी चाहिए, जिससे संगठन का विस्तार अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सके।

उन्होंने कहा कि संगठन का कार्य केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण का दीर्घकालीन अभियान है। भारतीय जनता पार्टी एक जनआंदोलन आधारित राजनीतिक संगठन है, जिसका उद्देश्य भारत को विश्व पटल पर आदर्श राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है। प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता अपने पुरुषार्थ, सेवा भावना एवं समर्पण से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
बैठक में पूर्व सांसद मोहन मंडावी, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, जिला प्रभारी श्रीमती संध्या परगनिया, प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर, जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख, बिलासपुर संभाग सह प्रभारी अभिषेक शुक्ला, पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्ण कांत पवार एवं पवन साहू, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव, जिला महामंत्री राकेश (छोटू) यादव एवं सौरभ लुनिया, प्रदेश महिला मोर्चा महामंत्री शीतल नायक, नरेश यदू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पालिका परिषद बालोद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी सहित जिला पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं भाजपा परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।











