DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

अंडा-अछोटी मार्ग पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने वाला आदतन बदमाश गिरफ्तार

राहगीरों को डरा-धमका रहा था आरोपी, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

अंडा/दुर्ग। सार्वजनिक मार्ग पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों में दहशत फैलाने वाले एक आदतन बदमाश को अंडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार हथियार बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 मई 2026 को थाना अंडा पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम अंडा से ग्राम अछोटी जाने वाले सार्वजनिक मार्ग पर एक युवक धारदार हथियार लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा है और इलाके में भय का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

आरोपी के कब्जे से मिला धारदार हथियार

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम जागेश्वर साहू उर्फ जग्गू (29 वर्ष) निवासी ग्राम अंडा थाना अंडा जिला दुर्ग बताया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार हथियार बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जप्त कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी थाना अंडा का आदतन गुंडा बदमाश है, जिसके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी सार्वजनिक मार्ग पर हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा था।

आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

अंडा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस ने लोगों से की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, संदिग्ध हरकत या कानून व्यवस्था भंग होने की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि असामाजिक तत्वों के खिलाफ समय रहते सख्त कार्रवाई की जा सके।

संजय साहू की रिपोर्ट

You cannot copy content of this page