DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

स्कूल में बड़ी चोरी: CCTV तार काटकर प्रोजेक्टर, बैटरी और लैब सामग्री पार, डेढ़ लाख की चोरी से मचा हड़कंप

फागुन्दाह हायर सेकेंडरी स्कूल में देर रात वारदात, पुलिस जांच में जुटी

गुरुर/बालोद। गुरुर विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फागुन्दाह में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने स्कूल परिसर में घुसकर कम्प्यूटर कक्ष और अन्य कमरों का ताला तोड़ते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है।

प्राचार्य लवन सिंह रावटे द्वारा पुरूर थाना में दी गई शिकायत के अनुसार, वे 21 मई को दोपहर करीब 1 बजे स्कूल से घर चले गए थे। अगले दिन 22 मई की सुबह लगभग 8 बजे स्कूल पहुंचे तो देखा कि स्कूल के पीछे लगे CCTV कैमरा और माइक के तार कटे हुए थे। इसके बाद जब कम्प्यूटर कक्षों की जांच की गई तो वहां से तीन प्रोजेक्टर, दो इन्वर्टर बैटरी, माइक यूनिट और भौतिकी प्रयोगशाला की सामग्री गायब मिली।

CCTV का तार काटकर दिया वारदात को अंजाम

चोरों ने बेहद शातिर तरीके से पहले स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों का वायर काटा और फिर मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद विभिन्न कमरों के ताले तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया।

डेढ़ लाख रुपये से अधिक के सामान की चोरी

प्राचार्य के अनुसार चोरी हुए सामान में —

  • 3 नग प्रोजेक्टर — लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये
  • 2 नग इन्वर्टर बैटरी — लगभग 10 हजार रुपये
  • भौतिकी प्रयोगशाला सामग्री — लगभग 20 हजार रुपये
  • माइक यूनिट एवं अन्य सामग्री

कुल मिलाकर लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये के सामान की चोरी हुई है।

ग्रामीणों और स्कूल प्रबंधन में आक्रोश

घटना की जानकारी मिलने पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष गिरीश कुमार हिरवानी, तोषण मरकाम और ग्राम कोतवाल खिलावनदास मानिकपुरी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों ने स्कूल जैसी शैक्षणिक संस्था में चोरी की घटना पर नाराजगी जताई है।

पुलिस जांच में जुटी

प्राचार्य लवन सिंह रावटे ने पुरूर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने आवेदन दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के संदिग्धों एवं गतिविधियों की जानकारी खंगाली जा रही है।

You cannot copy content of this page