DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जनपद सदस्य मंजू बैंस ने किया कला मंच का भूमिपूजन, कुसुमकसा में 40 लाख के विकास कार्यों की शुरुआत

बालोद। ग्राम पंचायत कुसुमकसा के लिए बुधवार का दिन विकास के लिहाज से खास रहा। यहां एक साथ लगभग 40 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष मुकेश कौड़ो और भाजपा जिला मंत्री सौरभ लूनिया रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके बाद जनपद निधि से स्वीकृत 2 लाख 50 हजार रुपए की लागत से बनने वाले कला मंच का भूमिपूजन जनपद सदस्य मंजू संजय बैंस के हाथों सम्पन्न हुआ।

ग्रामीणों ने बताया कि मोहल्ले में लंबे समय से कला मंच की मांग की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया गया है। वार्ड पंच पंकज जेठवानी ने कहा कि यह उनके वार्ड की सबसे बड़ी समस्या थी, जिसका समाधान करने के लिए वे जनपद सदस्य मंजू बैंस के आभारी हैं।

इसके अलावा समरसता भवन के पास जिला खनिज न्यास निधि से 20 लाख रुपए की लागत से होने वाले कार्य का भूमिपूजन भाजपा जिला मंत्री सौरभ लूनिया के हाथों किया गया। वहीं वार्ड क्रमांक 8 में 6 लाख रुपए की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भूमिपूजन जनपद अध्यक्ष मुकेश कौड़ो ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिला मंत्री सौरभ लूनिया ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद क्षेत्र में विकास कार्यों की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी कुसुमकसा के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गांव को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं जनपद अध्यक्ष मुकेश कौड़ो ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को नई गति मिली है, जिसका परिणाम आज कुसुमकसा में लाखों रुपए के विकास कार्यों के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में अपनी सहभागिता निभाना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

जनपद सदस्य मंजू संजय बैंस ने कहा कि जनपद निधि की पहली स्वीकृति राशि से इस कला मंच का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस मंच पर विघ्नहर्ता गणेश और मां दुर्गा विराजमान रहते हैं, इसलिए इस स्थान को व्यवस्थित कर मोहल्ले के लोगों को समर्पित करना उनका उद्देश्य है।

इस अवसर पर सरपंच वेद बाई पिस्दा, मंडल अध्यक्ष योगेंद्र सिन्हा, उप सरपंच नितिन जैन, शाहिस्ता बेगम, ज्योति यादव, संतोष जैन, सुगरा बेगम, हेमलाल, कोमल सिंह हिडको, निर्मला जगनायक, सीताबाई, चुरेंद्र कुमारी मंडावी, चित्ररेखा मरकाम, खेमिन निर्मलकर, कन्हैया भैंसारे, मोहन हिडको, फूल सिंह पोटाई, योगी साहू सहित गांव के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन ग्राम पंचायत सचिव सुखित भूआर्य ने किया।

You cannot copy content of this page