होली पर शराब दुकान खोलने के फैसले पर डोमेन्द्र साहसी का कड़ा प्रहार, कहा– जनभावनाओं से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं



बालोद/डोंडी लोहारा। युवा कांग्रेस सोशल मीडिया के प्रदेश संयोजक डोमेन्द्र साहसी (बालोद जिला, डोंडी लोहारा) ने होली जैसे पावन एवं सामाजिक सद्भाव के पर्व पर शराब दुकानें खोलने के सरकार के निर्णय की कड़ी आलोचना की है।

डोमेन्द्र साहसी ने अपने बयान में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे, आपसी सौहार्द और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे पवित्र अवसर पर शराब बिक्री की अनुमति देना प्रदेश की सांस्कृतिक परंपराओं और जनभावनाओं के साथ सीधा खिलवाड़ है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती सहित कई राष्ट्रीय पर्वों और महत्वपूर्ण अवसरों पर शराब दुकानें बंद रखने की परंपरा रही है। इसका उद्देश्य समाज को नशामुक्ति की ओर प्रेरित करना तथा शांति और अनुशासन बनाए रखना रहा है। इसके बावजूद होली जैसे बड़े त्योहार पर शराब दुकानें खोलने का निर्णय सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है।

डोमेन्द्र साहसी ने आगे कहा कि ऐसे फैसलों का प्रतिकूल प्रभाव महिलाओं, बच्चों और युवाओं की सुरक्षा पर पड़ सकता है। त्योहार के दौरान शराब की खुलेआम बिक्री से सड़क दुर्घटनाओं, आपसी विवादों और कानून-व्यवस्था की समस्याओं की आशंका बढ़ जाती है। सरकार को केवल राजस्व पर नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्वों और जनहित के मुद्दों पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि वह तत्काल इस निर्णय पर पुनर्विचार करे और होली के दिन प्रदेशभर में शराब दुकानें बंद रखे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जनभावनाओं की अनदेखी करती है तो युवा कांग्रेस जनहित में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराएगी।

अंत में डोमेन्द्र साहसी ने कहा कि युवा कांग्रेस सदैव आम जनता, युवाओं और महिलाओं की आवाज़ बनकर कार्य करती रही है और आगे भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े हर मुद्दे पर मजबूती से संघर्ष जारी रखेगी।

━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़

You cannot copy content of this page