शिव संतुलन, शांति और आत्मशक्ति के प्रतीक — हभप. मुक्तेश्वरी
नागपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर गांधीबाग उद्यान में आयोजित विशेष कार्यक्रम में हभप. मुक्तेश्वरी उर्फ खुशाली क्षीरसागर ने ‘जीवन में शिव का महत्व’ विषय पर प्रेरक व्याख्यान देते हुए कहा कि शिव जीवन के सभी आयामों में संतुलन और आत्मशक्ति की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि पारंपारिक उपवास के साथ-साथ मन के विषय-विकारों और नकारात्मक भावों का उपवास रखना भी उतना ही आवश्यक है।
शांत मन ही सबसे बड़ी शक्ति
उन्होंने कहा कि शिव ध्यान और शांति के प्रतीक हैं। उनका संदेश है कि शांत व्यक्ति ही सबसे शक्तिशाली होता है। शिव के गले का नाग भय और अहंकार पर नियंत्रण का प्रतीक है, जबकि माथे का चंद्रमा शीतल और संतुलित मन का संदेश देता है। शिव की जटा से निकलती गंगा जीवन में सकारात्मक प्रवाह का प्रतीक है और श्मशान में उनका ध्यान संघर्ष के बीच अंत तक अडिग रहने की प्रेरणा देता है।
बेल पत्र के तीन पत्ते देते हैं संतुलित जीवन का संदेश
हभप. मुक्तेश्वरी ने बताया कि शिव को अर्पित किए जाने वाले बेल पत्र के तीन पत्ते कार्य जीवन, पारिवारिक जीवन और आंतरिक जीवन के तीन आयामों का प्रतीक हैं। ये तीनों आयामों के बीच संतुलन बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं, जो आज के भागदौड़ भरे जीवन में बेहद आवश्यक है।
महाशिवरात्रि: भीतर के शिव को जगाने का अवसर
उन्होंने कहा कि महाशिवरात्रि केवल कैलेंडर की एक तिथि नहीं, बल्कि अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने की रात्रि है। यह स्वयं को पहचानने और भीतर के शिव तत्व को जागृत करने का अवसर है। आधुनिक सुविधाओं के बीच मन की शांति कहीं खो गई है और तनाव, अवसाद तथा रिश्तों में दूरी बढ़ रही है। ऐसे समय में शिव तत्व को अपनाकर जीवन को संतुलित और सकारात्मक बनाया जा सकता है।
भजन, पूजन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुंजा कार्यक्रम स्थल
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, माल्यार्पण, पूजन एवं आरती से हुई। आयोजन अरुणोदय परिवार, इंद्रधनुष ओपन माइक, स्वर अलंकार व संगीत सरिता परिवार, श्री योग नृत्य परिवार, जय माता दी योगासन परिवार तथा जयगोपाल योग मंडल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।
इस अवसर पर शिव भजन, भक्तिगीत और चौरागढ़ महादेव के गीतों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजन में इनका रहा विशेष योगदान
कार्यक्रम की सफलता में लक्ष्मी गोखले, सोनाली समर्थ, विजया शेणमारे, गीता कलमकर, सुनिता प्रजापति, हेमलता उखारे, वृंदा पालेवार, सुनिता महाजन, आशा खापेकर, ममता बावनथडे, वर्षा मौंदेकर, मालु कापसे, जयश्री वंजारी, अनिता झाडे, कांचन गुमगांवकर, अरविंद कोसारकर, सुभाष कापसे, सी. वेंकट मधु, वासुदेव मौंदेकर, दिलीप पराते, सत्यजीत नायक, राजेश धकाते, विजय शेणमारे, प्रवीण डोफे, वासु पराये, जगदीश वाठ, विशाल गुप्ता, प्रभाकर कामठीकर, अर्जुन मोहाडीकर, धनराज खाकरे, संजय वानखेडे, भरत पालेवार, भोला बरसे, विजय वानखेडे सहित अनेक सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ 📰 No.1 Web Media in CG | DAILY BALOD NEWS & DB DIGITAL MEDIA NEWS CHANNEL ━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━━ खबर और विज्ञापन, विशेष लेख और अपने व्यक्तिगत प्रचार हेतु मंथली मीडिया सपोर्ट स्कीम का लाभ लेने के लिए संपर्क करें 9755235270 एडिटर इन चीफ, दीपक यादव डीबी डिजिटल मीडिया/ डेली बालोद न्यूज़
