जिला स्तरीय राज्योत्सव संपन्न-नयनाभिराम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से दर्शक हुए मंत्रमुग्ध



बालोद । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय बालोद के स्व.सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का आयोजन गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अथिति संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा ने छत्तीसगढ़ राज्योत्सव की जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की परंपरा, संस्कृति एवं त्यौहार को सहेजने का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की लगाई गई प्रदर्शनी की सराहना की। जिला पंचायत की अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाले छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा पिछले चार वर्षों में समाज के प्रत्येक वर्गों के कल्याण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएॅ संचालित की जा रही है। इसके अलावा राज्य सरकार के द्वारा छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, रीति-रिवाज, परम्परा आदि को निरंतर संरक्षण एवं संवर्द्धन करने का कार्य किया जा रहा है, जिसके फलस्वरूप हम छत्तीसगढ़ियों की स्वाभिमान बढ़ने के साथ-साथ देश और दुनिया में विशिष्ट पहचान मिल गया है। इस अवसर पर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने स्वागत भाषण एवं प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बालोद जिले के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक महत्व एवं विशेषताओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हमारा बालोद जिला छत्तीसगढ़ राज्य की भांति निरंतर प्रगति के विभिन्न सोपानों को स्पर्श करते हुए निरंतर आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर उन्होंने राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिले में कराए गए विकास कार्यों की भी जानकारी दी। राज्योत्सव में स्कूली बच्चों एवं कलाकारों के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं, कलाकारों एवं लोक कलामंच के कलाकारों ने देशभक्ति पूर्ण तथा छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित अपने ज्ञानवर्धक एवं नयनाभिराम सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से दर्शकांे को मंत्रमुग्ध कर दिया। अतिथियों ने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों पर आधारित लगाए गए विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पशुधन विकास विभाग, वन विभाग, कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, उद्योग विभाग, जिला अंत्यावसायी, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, आदिवासी विकास विभाग, समाज कल्याण विभाग, जल संसाधन, राजस्व विभाग, जिला पंचायत, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, खाद्य एवं सहकारिता, खादी ग्रामोद्योग एवं हाथकरघा, नगर पालिका, मत्स्य पालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पुलिस विभाग, जनसम्पर्क विभाग, शिक्षा विभाग, श्रम विभाग और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग आदि विभागों द्वारा विकास प्रदर्शनी लगाई गई थी। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा, जनपद पंचायत बालोद की अध्यक्ष प्रेमलता साहू जिला पंचायत के उपाध्यक्ष मिथिलेश निरोटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, संभागायुक्त दुर्ग महादेव कावरे, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ.रेणुका श्रीवास्तव व अन्य अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिकगण मौजूद थे।

जनसम्पर्क
विभाग द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनीविधायक सहित अन्य अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर की सराहना

जिला मुख्यालय बालोद के सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा के मार्गदर्शन में ‘‘जनसम्पर्क विभाग‘‘ द्वारा छायाचित्र प्रदर्शनी लगाई गई। राज्योत्सव कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा, जिला पंचायत की अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरा, उपाध्यक्ष मिथिलेश निरोटी सहित दुर्ग संभाग के संभागायुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर कुलदीप शर्मा आदि ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर सराहना की। प्रदर्शनी में राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं, कार्यक्रमों, उपलब्धियों को छायाचित्र के माध्यम से प्रदर्शित किया गया था। प्रदर्शनी में जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रत्येक माह प्रकाशित की जाने वाली जनमन पत्रिका, ब्रोसर आदि का वितरण नागरिकों को किया गया। इस अवसर पर सहायक संचालक जनसम्पर्क चन्द्रेश ठाकुर के द्वारा छायाचित्र प्रदर्शनी के संबंध में अतिथियों को जानकारी दी गई। इस दौरान सहायक सूचना अधिकारी राजेश नेताम, सहायक ग्रेड-03 हेमसिंग साहू एवंराजेन्द्र कुमार कुंजाम, कृष्ण शरण साहू सहित जनसम्पर्क विभाग के कर्मचारीगण मौजूद थे।

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी के सजीव प्रदर्शन से दर्शक हुए अभिभूत

साहित्यकार, कलाकारों सहित विभिन्न
क्षेत्रों के प्रतिभाओं का किया गया सम्मान

स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह भव्य एवं गरीमामय ढंग से सम्पन्न हुआ। राज्योत्सव समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं के अलावा स्थानीय कलाकारों के द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न विभागों के द्वारा विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनियों के सजीव प्रदर्शन से इसका अवलोकन करने वाले लोग अभिभूत होकर इसकी भूरी-भूरी सराहना की। समारोह में जिला प्रशासन के द्वारा जिले के साहित्यकारों, कलाकारों तथा संास्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान अर्जित करने वाले विभागीय प्रदर्शनियों के साथ-साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभाओं का भी सम्मान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल बालोद को प्रथम, एकलव्य विद्यालय डौण्डी को द्वितीय एवं स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूल बालोद को तृतीय पुरस्कार से नवाजा गया। इसी तरह विभागीय प्रदर्शनी के अंतर्गत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को प्रथम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को द्वितीय और शिक्षा विभाग को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में कवि, साहित्यकार बुटुराम पुर्ने, भरत बुलन्दि एवं अखिलेश्वर प्रसाद मिश्रा को उनके उत्कृष्ट रचना एवं काव्यसाधन के लिए सम्मानित किया गया। इसी तरह आईआईटी चेन्नई में चयनित होने वाले जिले के प्रतीभाशाली विद्यार्थी सूर्या साहू को भी प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के लिए छत्तीसगढ़ी लोक कलामंच सोनहा बादर के कलाकारों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को चेक एवं सामग्री भी प्रदान की गई। इसके अंतर्गत प्रतिमा शांडिल्य को मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के अंतर्गत 01 लाख रूपए का चेक, श्री जयप्रकाश को मुख्यमंत्री सियान सहायता योजना के अंतर्गत 10 हजार रूपए का चेक, कु. चंद्रिका को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तीकरण सहायता योजना के अंतर्गत 20 हजार रूपए का चेक, श्रीमती केवरा बाई को नाव जाल योजना के अंतर्गत 10 हजार रूपए का चेक एवं 01 नग जाल तथा डामेश्वर निषाद को फुटकर मत्स्य विक्रय योजना के अंतर्गत 06 हजार रूपए का चेक और 01 नगर फीशमाउण्ट प्रदान किया गया। इस अवसर पर वनमण्डलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश राठौर, एडीएम योगेन्द्र श्रीवासव सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित थे।

You cannot copy content of this page