बालोद । छत्तीसगढ़ की आम जनता के सवालों, युवा बेरोजगारों, बच्चों, महिलाओं, कृषको, स्व सहायता समूहों, व्यापारियों सहित हर वर्ग के सवालों को लेकर कल भाजपा जिला बालोद द्वारा जन आक्रोश सभा के रूप में जिला मुख्यालय के जयस्तंभ चौक में एक बड़ी सभा का आयोजन किया जा रहा है।
जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि वर्तमान प्रदेश कांग्रेस सरकार को पूर्ण जनादेश का समर्थन व सम्मान करते हुए 2 वर्ष कार्य करने का अवसर स्वतंत्र रूप से मिला पूर्ण बहुमत होते हुए भी कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल रही। सत्ता में आते ही पूर्ण शराबबंदी का वादा आज घर पहुंच सेवा तक पहुंचा है। जन घोषणा पत्र में लोक लुभावने वादे कर छत्तीसगढ़ की सत्ता में काबिज हो गए, पर केवल 2 वर्षों में ही प्रदेश आज नशे में डूब गया है। चारों और भय भ्रष्टाचार व्याप्त है, गुंडागर्दी, अवैध शराब, जुआ सट्टा, बलात्कार, हत्या, लूट जैसे अपराध अपने चरम सीमा पर है। रेत माफियाओं खनिज माफियाओं का बोलबाला छत्तीसगढ़ में है। निर्माण सामाग्री तिगुने दाम में बिक रहा है। इनके गुंडाराज में आम जनता तो दूर पत्रकार भाई भी नहीं बचे, जिन्हें थाने से निकालकर पुलिस के आगे ही हत्या करने का प्रयास किया गया। कांग्रेस के नेता कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस और बड़े अधिकारियों को गाली गलौज आज छत्तीसगढ़ में आम बात हो गई है। कांग्रेस के जन घोषणा पत्र के अनुरूप कोई भी कार्य नहीं हो रहा है। ना किसानों को पूर्ण रूप से कर्जा माफ, 2 वर्षों का बोनस , 2500 रु खरीदी का पैसा 10 महीने बाद भी किसानों के पास नहीं पहुंचा है। प्राकृतिक आपदा, अतिवृष्टि, त्योहार व वर्तमान में मौसम खराब होने के बावजूद भी अनावश्यक धान खरिदि मे महीने भर की देरी से अन्नदाता किसानों पर अन्याय है। चिटफंड कंपनी का पैसा भी आम जनता को वापस नहीं मिला। युवा बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता नहीं मिला। स्वसहायता समूह के ऋण माफी ना होना जैसी अनेक मुद्दों पर भाजपा द्वारा आम जनता के आक्रोश को शासन प्रशासन तक पहुंचाने के लिए जिला स्तरीय बड़ी सभा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हर वर्ग को आमंत्रित किया गया है। सांसद मोहन मंडावी, प्रदेश मंत्री राकेश यादव, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, वीरेंद्र साहू, लाल महेन्द्र सिंह टेकाम, कुमारी मदन साहू, वरिष्ठ नेता पवन साहू, दीपक साहू, प्रमोद जैन, किशोरी साहू के साथ जिले के वरिष्ठ नेता जिला पदाधिकारी मंडल अध्यक्षो की अगुवाई में बालोद जिले के नेता एक मंच से मुखर होकर आम जनता के बीच अपनी बात दोपहर 2:00 बजे से 4:00 बजे तक रखेंगे। इसके पश्चात रैली का आयोजन जयस्तंभ चौक से सदर होते हुए रामदेव चौक मोखला मांझी चौक, नांद गांव चौक से वापिस जयस्तंभ पहुंचेगी, इसके पश्चात महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
