DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सीएम ने किया महिलाओं को सालाना 15 हजार रुपए देने का ऐलान, कहा – सरकार बनते ही गृह लक्ष्मी योजना की करेंगे शुरुआत, बालोद जिले में पहुंचे सीएम ने और क्या-क्या कही बात देखिए,,,

बालोद। रविवार दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मोहन्दीपाठ (अर्जुन्दा) पहुंचे। उन्होंने दिवाली के मौके पर प्रदेश की महिलाओं को सालाना 15 हजार रुपए देने का ऐलान किया। इस दौरान सभा में बैठी महिलाओं में खुशी देखते ही बनी। मुख्यमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज देवारी (दिवाली) के शुभ अवसर पर छत्तीसगढ़ में माता लक्ष्मी की असीम कृपा बनी रहे। मेरा छत्तीसगढ़ अमीर हो, हम गरीबी के अभिशाप को मिटा सके इस संकल्प के साथ हमारी सरकार ने पांच साल काम किया है। कांग्रेस ने जो वादा किया वह पूरा किया। आगे भी छत्तीसगढ़ को विकास की राह पर ले जाएंगे। कांग्रेस की दोबारा सरकार बनते ही गृह लक्ष्मी योजना की शुरुआत करेंगे और माताओं को सशक्त करेंगे। इस दौरान संसदीय सचिव एवं गुंडरदेही विधायक श्री कुंवर सिंह निषाद ने मुख्यमंत्री का आभार किया। उन्होंने कहा कि श्री बघेल जी मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ विकास की राह पर चल पड़ा है। यह रुकना नहीं चाहिए। निरंतर विकास और प्रदेश की उन्नति के लिए छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार दोबारा बनानी है। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश विधि प्रकोष्ठ के सदस्य सुभाष पुष्तकर ने श्री भूपेश बघेल के कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीमती चंद्रप्रभा सुधाकर सहित सैकड़ों के संख्या में लोग मौजूद रहे।

गुरुर के पेंडरवानी में क्या बोले सीएम

इसी तरह गुरुर ब्लॉक के ग्राम पेंडरवानी में स्टार प्रचारक के रूप में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आगमन हुआ। कांग्रेस प्रत्याशी संगीता के समर्थन में वोट की अपील की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं और उपस्थित जनता को भी संबोधित किया। लक्ष्मी पूजा के अवसर पर उन्होंने फिर से कांग्रेस की सत्ता आने पर गृह लक्ष्मी योजना शुरू करने का ऐलान किया। कहा कि इस योजना के तहत प्रत्येक महिला को सालाना ₹15000 दिया जाएगा। इसके अलावा और भी कई बातें उन्होंने की। भाजपा और मोदी पर भी उन्होंने निशाना साधा और उनकी घोषणाओं को कोई गारंटी नहीं होने की बात कही।

भूपेश बघेल ने कहा कि लोकतंत्र का त्योहार हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है। जो 5 साल में आता है। जनता हमारे कार्यों का मूल्यांकन करती है। अलग-अलग विचार धारा के लोग विभिन्न पार्टी होते हैं जो अपनी बात जनता तक पहुंचाते हैं। हम भी अपनी बात करने आए हैं। किसी विचारधारा से सरकार बनती भी और बिगड़ती है। कोई एक विधायक बनता है उसी को जिताने के लिए कार्यकर्ताओं को मेहनत करनी होती है। जनता और कार्यकर्ता दोनों को खुशी होती है, कि उनके मनपसंद प्रत्याशी जीते हैं। राजनीतिक जागरूकता की बात करें तो सबसे ज्यादा बालोद विधानसभा में है। विकास कार्य के प्रति प्रतिबद्धता बालोद में दिखता है। कुछ लोग पार्टी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करते हैं। लेकिन जो पार्टी को परेशान करेंगे खुद परेशान हो जाएंगे। हमने बहुत बड़े नेताओं को देखा है जो पार्टी छोड़कर चले जाते हैं और शेर की तरह दहाड़ते हैं। फिर बाद में उन्हें कोई नहीं पूछता है। ऐसे लोगों की बातों में हमें नहीं आना है। मैं बोल रहा हूं आप समझ जाइए। इसके बारे में हमें चिंता नहीं करनी है। जो है उनकी चिंता करना है। कांग्रेस की सरकार बनना चाहिए, नहीं बनना चाहिए यह कार्यकर्ता तय करें? इसके लिए हमें सभी क्षेत्र में विधायक जिताना है। उन्होंने हाथ उठाकर सभी कार्यकर्ताओं से सहमति मांगी। किसान को समृद्ध करने का काम कांग्रेस ने किया है। 5 साल में एक भी किसान ने आंदोलन नहीं किया है। क्योंकि कांग्रेस किसानों की सरकार है। धान का उत्पादन बढ़ गया तो हमने खरीदी का मात्रा भी बढ़ा दिया। सबसे ज्यादा रेट भी दे रहे हैं। व्यवस्थित धान खरीदी हो रही है। समय पर भुगतान हो रहा । हर 15 से 30 दिन में खाते में पैसा जाता है। एक बटन दबाता हूं खातों में पैसा चला जाता है। हर तीन-तीन महीना में किसानों के खाते में पैसे डालते हैं। भूमिहीन मजदूरों के खाते में पैसा डाल रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी के लोग आकर तरह-तरह की बातें करते हैं। गारंटी दे रहे हैं लेकिन उनकी कोई गारंटी नहीं है। जिनकी कोई गारंटी नहीं उनकी बातों में जनता नहीं आएगी। दाढ़ी वाले मोदी जी आते हैं बड़ी-बड़ी बातें बोलकर जाते हैं। जनता सब समझती है। जो अब उनके मित्रों,,,, के डायलॉग में नहीं आएगी। मोदी ने नौकरी, रोजगार देने की बात की थी और भी कई बातें हुई थी। आज तक जो पूरे नहीं हुए। 2014-15 से ऐसी बोलते आ रहे हैं जनता समझ चुकी है। कौन जुमलेबाजी करते हैं। हमने छत्तीसगढ़ की संस्कृति को बढ़ावा देने का हर संभव प्रयास किया। गौठान को समृद्ध किया। चाहे किसान हो चाहे आदिवासी हो सब के लिए हमने योजनाएं लाई। जिस पर जनता का भरोसा है। फिर से संगीता को ज़िताओ फिर से बालोद का किसानों का कर्ज माफ होगा। छत्तीसगढ़ के किसानों का कर्ज माफ होगा। महिला समूह और ट्रांसपोर्टर का भी कर्जा माफ होगा। सभी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद स्कूल बनाएंगे। सबका उन्नयन होगा अंग्रेजी और हिंदी में। भूमिहीन को 7000 से बढ़ाकर 10000 देंगे। 200 यूनिट तक बिजली बिल का छूट देंगे। 200 यूनिट से जिनके यहां कम खपत है उनके यहां बिजली बिल जाएगा ही नहीं। ऐसे 90% लोगों को इससे लाभ होगा। कॉलेज के बच्चों को बस की सुविधा मिलेगी। किराया देने की जरूरत नहीं होगी। मेडिकल इंजीनियरिंग कॉलेज की पढ़ाई भी निशुल्क होगी। केजी से लेकर पीजी तक मुफ्त शिक्षा देंगे। भाजपा को जिताएंगे तो 35 किलो जो चावल दे रहे वह बंद हो जाएगा, बिजली का छूट बंद हो जाएगा। बच्चों की पढ़ाई ठप हो जाएगी। स्कूल व्यवस्था बिगड़ जाएगी। कांग्रेस सरकार आई तो जनगणना भी करेंगे। डबल फसल लेने वाले किसान जो तीवरा बोते हैं, उसकी भी समर्थन मूल्य में खरीदी होगी। साढे 17 लाख लोगों का आवास बनेगा। गैस सिलेंडर में ₹500 की छूट सबके खाते में डालेंगे। भाजपा ने भी ₹500 में सिलेंडर देने की बात की है लेकिन उनके चक्कर में ना आए। उसकी कोई गारंटी नहीं है। आज दिवाली लक्ष्मी माता की पूजा करते हैं। गृह लक्ष्मी को मैं उपहार देना चाहता हूं। गृह लक्ष्मी योजना सरकार बनने पर चलाएंगे। इसमें प्रत्येक महिला को साल में ₹15000 दिया जाएगा। गृह लक्ष्मी योजना का हम कोई फॉर्म नहीं भरवाएंगे। कांग्रेस पर लोग भरोसा करते हैं। सर्वे करेंगे, ऑफलाइन फॉर्म भरेंगे। किसी को लाइन लगने की जरूरत नहीं है। भाजपा की आदत है लाइन लगवाने की। नोटबंदी जीएसटी में लाइन लगवाए थे। हमारी ऐसी आदत नहीं है। 18वी गारंटी हमने गृह लक्ष्मी योजना के रूप में की है। जिसे मैं दिवाली के लिए बचा कर रखा था।

कांग्रेस ने किसान मजदूर सबका हित किया

सभा को प्रत्याशी संगीता सिन्हा ने भी संबोधित किया। उन्होंने अधिक मत से फिर से जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने विगत 5 साल में किसान, मजदूर सब के हित में काम किया है। जनता समझदार है और इस बार फिर से कांग्रेस की सत्ता बनाएगी। इस दौरान प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा,संजय प्रकाश चौधरी, विकास चोपड़ा,प्रभात धुर्वे, तामेश्वर साहू, लोचन विश्वकर्मा, केदार देवांगन, किशोर साहू, सादिक अली, ओंकार महमल्ला, सुमित राजपूत, यानेश साहू, सरपंच सत्यवान साहू आदि मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page