43 चालक-परिचालकों का स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण, 8 चालकों को चश्मा लगाने की सलाह
बालोद, 22 जून 2026। जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय द्वारा विशेष जांच अभियान चलाकर स्कूल एवं कॉलेज बसों की तकनीकी जांच के साथ वाहन चालकों और परिचालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में कमी पाए जाने पर 21 बसों के विरुद्ध कुल 15 हजार 500 रुपये की ई-चालान कार्रवाई की गई, वहीं 03 बसों की फिटनेस वैधता समाप्त होने पर उन्हें जब्त किया गया।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि 21 जून को यातायात पुलिस एवं जिला चिकित्सा विभाग के संयुक्त सहयोग से जिले में संचालित स्कूल एवं कॉलेज वाहनों की जांच की गई। इस विशेष शिविर में स्कूल एवं कॉलेज प्रबंधन द्वारा 48 बसों को परीक्षण हेतु प्रस्तुत किया गया।
सुरक्षा मानकों की हुई विस्तृत जांच
जांच के दौरान सर्वोच्च न्यायालय नई दिल्ली एवं परिवहन आयुक्त छत्तीसगढ़ द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप बसों की तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया गया। इसके अंतर्गत परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, टैक्स भुगतान, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस, प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशामक यंत्र एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तार से जांच की गई।
जांच में 21 बसों में विभिन्न प्रकार की कमियां पाई गईं, जिसके बाद संबंधित वाहन संचालकों पर नियमानुसार ई-चालान जारी किया गया।
फिटनेस समाप्त होने पर 3 बसों पर जप्ती कार्रवाई
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान 03 बसों की फिटनेस अवधि समाप्त पाई गई, जिसके कारण उन वाहनों पर तत्काल जप्ती की कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही जिन स्कूल एवं कॉलेज संचालकों ने जांच शिविर में अपने वाहन प्रस्तुत नहीं किए, उन्हें नोटिस जारी कर दो दिवस के भीतर बसों को जांच हेतु उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में वाहन प्रस्तुत नहीं करने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चालकों के स्वास्थ्य पर भी विशेष ध्यान
सड़क सुरक्षा के साथ चालक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा 43 चालक एवं परिचालकों का नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। जांच के दौरान 08 वाहन चालकों में नेत्र संबंधी सामान्य समस्या पाए जाने पर उन्हें चश्मा उपयोग करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी श्री योगेश कुमार भंडारी, उड़नदस्ता अधिकारी श्री शशिकांत बंजारे, श्री रवि ठाकुर, श्री रमाकांत ठाकुर, श्री जयप्रकाश साहू, श्री तुकेश साहू, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मीनारायण वर्मा, नेत्र सहायक अधिकारी श्री चन्द्रप्रकाश मिरी, श्री मुकेश कुमार साहू सहित यातायात विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।











