DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सूने मकान में चोरी का खुलासा: देवरी पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

परसुली में दरवाजा तोड़कर की थी लाखों की चोरी, सोना-चांदी और नगदी बरामद

बालोद/देवरी। बालोद जिले के ग्राम परसुली में सूने मकान में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी सहित कुल 6 लाख 2 हजार 709 रुपए का मशरूका बरामद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज अभिषेक शांडिल्य, पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर एवं एसडीओपी बालोद बोनीफांस एक्का के निर्देशन में की गई।

सगाई कार्यक्रम में गए थे परिवार वाले, पीछे से हुई चोरी

प्रार्थी कमलेश कुमार केशरिया निवासी ग्राम परसुली ने थाना देवरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल 2026 की शाम वह अपने परिवार सहित अर्जुनी डोंगरगांव में सगाई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। रात करीब 12:30 बजे वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी टूटी मिली और आलमारी का लॉकर खुला हुआ था।

अज्ञात चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम चोरी कर ले गए थे। चोरी गए सामान में चांदी की पायल, करधन, बिछिया, सोने का रानी हार, मंगलसूत्र और नगदी शामिल थी।

मुखबिर की सूचना पर पकड़े गए आरोपी

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनीष शेण्डे के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना के दिन गांव के तीन युवक प्रार्थी के घर के आसपास घूमते देखे गए थे।

संदेह के आधार पर पुलिस ने

  • भीखम लाल सिन्हा (28 वर्ष)
  • रामेश्वर उर्फ झम्मन सोनकर (20 वर्ष)
  • जितेश उर्फ जीतू सोनकर (19 वर्ष)

तीनों निवासी ग्राम परसुली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

श्मशान घाट के पास गड्ढे में छिपाए थे जेवर

आरोपियों ने बताया कि चोरी के जेवरात और नगदी को खरखरा नंदी के पास श्मशान घाट क्षेत्र में गड्ढा खोदकर छिपाया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मौके से सोने-चांदी के जेवर और नगदी रकम बरामद की।

6 लाख से अधिक का मशरूका जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

  • 1 नग सोने का रानी हार
  • 1 नग सोने का मंगलसूत्र
  • 3 जोड़ी बिछिया
  • 4 जोड़ी चांदी की पायल
  • 2 नग चांदी का करधन
  • नगदी 34,209 रुपए

बरामद किए हैं।

जब्त सामग्री में कुल 1 किलो 650 ग्राम चांदी, 27.600 ग्राम सोना और नगदी सहित कुल 6,02,709 रुपए का मशरूका शामिल है।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी देवरी मनीष शेण्डे, सउनि रामप्रसाद गजबिहे, आरक्षक दिलीप बर्मन, संतोष खुटेल, अवतार महिलांगे तथा साइबर सेल बालोद से सउनि धरम भुआर्य, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर मरकाम, आरक्षक राहुल मनहरे, विपिन गुप्ता, भोप सिंह, आकाश दुबे, पूरन देवांगन एवं गुलझारी साहू की सराहनीय भूमिका रही।

You cannot copy content of this page