DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व: कपिलेश्वर महादेव मंदिर में आज 11 मई को होगा भव्य राष्ट्रव्यापी स्मरणोत्सव

‘अटूट आस्था के 1000 वर्ष’ पर बालोद जिले में होंगे भक्तिमय, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक आयोजन

बालोद। छत्तीसगढ़ शासन संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार आयोजित किए जा रहे “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – अटूट आस्था के 1000 वर्ष” के अंतर्गत 11 मई 2026 को बालोद जिले के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व वाले कपिलेश्वर महादेव मंदिर में भव्य राष्ट्रव्यापी स्मरणोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर जिले के प्रमुख शिवालयों में भक्तिपूर्ण, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों की विशेष श्रृंखला आयोजित होगी।

कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह राष्ट्रव्यापी स्मरणोत्सव 11 जनवरी 2026 से 11 जनवरी 2027 तक देशभर में आयोजित किया जाएगा। बालोद जिले में इसके सफल आयोजन हेतु प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई हैं।

कपिलेश्वर मंदिर बनेगा आयोजन का केंद्र

11 मई को बालोद स्थित प्राचीन कपिलेश्वर महादेव मंदिर में मुख्य जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके साथ ही गुरूर ब्लॉक के पलारी एवं बालोद विकासखंड के ग्राम जगन्नाथपुर स्थित प्राचीन शिवालयों सहित जिलेभर के शिव मंदिरों में भी विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिव स्तुति, शिव तांडव और महाआरती होंगे मुख्य आकर्षण

जारी कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9 बजे अतिथियों का आगमन होगा। इसके बाद शिव स्तुति, दीप प्रज्वलन एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। वहीं शिव तांडव नृत्य प्रस्तुति, “सोमनाथ संवाद”, भारत सरकार द्वारा ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण तथा सोमनाथ थीम पर रंगोली प्रतियोगिता कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहेगा।

कार्यक्रम की समय-सारणी इस प्रकार रहेगी:

  • सुबह 09:00 बजे – अतिथियों का आगमन
  • 09:30 बजे – शिव स्तुति, दीप प्रज्वलन एवं महाआरती
  • 10:00 से 10:15 बजे – उद्बोधन
  • 10:15 से 10:20 बजे – शिव तांडव नृत्य प्रस्तुति
  • 10:20 से 10:30 बजे – सोमनाथ संवाद
  • 10:30 से 11:00 बजे – भारत सरकार द्वारा ऑनलाइन प्रस्तुतीकरण
  • 11:00 से 11:15 बजे – रंगोली प्रतिभागियों का सम्मान
  • 11:15 बजे – महाप्रसाद वितरण

जिला प्रशासन ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, शिक्षा विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मंच संचालन, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सुविधा, नगर पालिका एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल व्यवस्था तथा ग्रामीण यांत्रिकी विभाग को टेंट एवं मंच व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।

इसके अलावा उद्यानिकी विभाग को फूल सज्जा, वन विभाग को बांस-बल्लियों की व्यवस्था, समाज कल्याण विभाग को श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा तहसीलदारों एवं जनपद पंचायतों को व्यापक प्रचार-प्रसार और मुनादी कराने का दायित्व सौंपा गया है।

युवाओं की सहभागिता पर रहेगा विशेष फोकस

सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थाओं में “सोमनाथ संवाद”, सेमिनार एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, ताकि युवा पीढ़ी भारतीय संस्कृति, इतिहास और आध्यात्मिक विरासत से जुड़ सके।

डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर होंगी नोडल अधिकारी

जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर श्रीमती प्राची ठाकुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। प्रशासन का उद्देश्य इस आयोजन को श्रद्धा, संस्कृति और जनभागीदारी का भव्य उत्सव बनाना है।

You cannot copy content of this page