DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

विश्व रेडक्रॉस दिवस पर मानवता की मिसाल: दंपत्ति ने लिया अंगदान का संकल्प, शिवा प्रधान ने किया 40वां रक्तदान

धमतरी। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर धमतरी जिले में मानव सेवा और मानवता का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान एवं आजीवन सदस्य रितु प्रधान दंपत्ति ने अंगदान करने का संकल्प लेकर समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि मृत्यु के बाद मानव शरीर भले ही राख में बदल जाता है, लेकिन यदि व्यक्ति अंगदान करता है तो उसके शरीर के कई अंग जरूरतमंद लोगों के जीवन को बचाने में सहायक बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि यदि हमारे शरीर का कोई हिस्सा किसी पीड़ित व्यक्ति को नया जीवन दे सके, तो इससे बड़ा मानवता का कार्य कोई नहीं हो सकता।

उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेजों में अध्ययनरत छात्र भी इन अंगों के माध्यम से प्रैक्टिकल एवं अध्ययन कर बेहतर डॉक्टर बन सकते हैं। वर्तमान समय में देश में डॉक्टरों की कमी एक गंभीर चुनौती है, ऐसे में अंगदान जैसी पहल भविष्य में लाखों लोगों के बेहतर इलाज में सहायक सिद्ध हो सकती है।

अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में आयोजित राज्य स्तरीय विश्व रेडक्रॉस दिवस कार्यक्रम में नृत्य, पेंटिंग, अंगदान जागरूकता, सड़क सुरक्षा अभियान एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर शिवा प्रधान ने अपना 40वां रक्तदान कर मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को फिर साबित किया। वहीं रेडक्रॉस सदस्य होमेश्वर प्रसाद चंद्राकर ने चौथा रक्तदान तथा यश्वनी पटेल ने प्रथम रक्तदान किया।

कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को “अंगदान महादान” का संदेश देते हुए समाज को अधिक से अधिक अंगदान एवं रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। विश्व रेडक्रॉस दिवस पर लिया गया यह संकल्प मानवता, सेवा और जीवन बचाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बनकर सामने आया।

You cannot copy content of this page