कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने संयुक्त जिला कार्यालय में फहराया तिरंगा, अधिकारी-कर्मचारियों को दी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं



बालोद | राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस के अवसर पर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने आज प्रातः 8 बजे संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने जिले के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने अधिकारियों-कर्मचारियों से जनहित एवं लोक कल्याण के पुनीत कार्यों को प्रभावी रूप से संपादित करने का आह्वान करते हुए कहा कि बदलाव की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए। उन्होंने राष्ट्र एवं समाज के नवनिर्माण में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर कलेक्टर ने महान देशभक्तों एवं अमर शहीदों के विचारों से प्रेरणा लेकर निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कलेक्टोरेट परिसर में स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर देश की आज़ादी और संविधान निर्माण में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक एवं अजय किशोर लकरा तथा संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष ने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राष्ट्र निर्माताओं एवं अमर शहीदों के आदर्शों को आत्मसात कर पूर्ण निष्ठा एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए बालोद जिले को सभी क्षेत्रों में अग्रणी बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सुमधुर गीत-संगीत एवं काव्य पाठ की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर, जिला कोषालय अधिकारी मुकुंद भारद्वाज, जिला जनसंपर्क अधिकारी चंद्रेश ठाकुर, जिला आबकारी अधिकारी योगेश्वर द्विवेदी सहित संयुक्त जिला कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page