DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जिला मुख्यालय बालोद में भव्यता के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह, कैबिनेट मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण

बालोद | जिला मुख्यालय बालोद में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस समारोह आज हर्ष, उल्लास एवं भव्य-गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने प्रातः 9 बजे स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के साथ परेड की सलामी ली।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि गुरू खुशवंत साहेब ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गणतंत्र दिवस संदेश वाचन किया। ध्वजारोहण उपरांत शांति के प्रतीक श्वेत कपोत एवं हर्षोल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने बालोद जिले को प्रदेश का पहला बाल विवाह मुक्त जिला बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को बाल विवाह रोकथाम के पुनीत कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु शपथ दिलाई।
इस अवसर पर संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेन्द्र चंद्राकर, नगर पालिका परिषद बालोद की अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य यशवंत जैन, पूर्व विधायक वीरेन्द्र साहू एवं प्रीतम साहू, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख, पवन साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्यामलाल नवरत्न, वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संजय सोनी, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा एवं नूतन कंवर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव भारती कुलदीप, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर एवं आशीष पेंद्रो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
समारोह में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। परेड में शामिल सशस्त्र बल, पुलिस बल एवं स्कूली विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट, हर्षफायर तथा “राष्ट्रपति की जय” के उद्घोष से वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया।
इस अवसर पर मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम, परेड एवं झांकी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया।
परेड सीनियर वर्ग में 21वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल करकाभाट ने प्रथम स्थान, जिला पुलिस बल (पुरुष) ने द्वितीय तथा जिला पुलिस बल (महिला) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। परेड जूनियर वर्ग में एनसीसी स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय बालोद प्रथम, एनसीसी ब्लेज एकेडमी उमरादाह द्वितीय एवं गाइड शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालोद तृतीय स्थान पर रहा।
उत्कृष्ट परेड संचालन के लिए परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक रेवती वर्मा एवं परेड टू-आईसी एसआई मनीष शेंडे को सम्मानित किया गया। शासन की योजनाओं को प्रदर्शित करने वाली झांकियों में कृषि विभाग को प्रथम, महिला एवं बाल विकास विभाग को द्वितीय तथा आदिवासी विभाग को तृतीय स्थान मिला। वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में ब्लेज एकेडमी उमरादाह प्रथम, गुरुकुल विद्यापीठ बालोद द्वितीय एवं संस्कार शाला बालोद तृतीय स्थान पर रहे।

You cannot copy content of this page