DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

गुरुर में 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न, मनरेगा श्रमिक बने स्वरोजगार और आवास निर्माण में दक्ष

गुरुर (बालोद)। R-SETI के तहत गुरुर में ग्राम पंचायत सोरर के 20 ग्रामीण मनरेगा श्रमिकों के लिए 30 दिवसीय राजमिस्त्री प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम उन श्रमिकों के लिए आयोजित किया गया, जिन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत न्यूनतम 60 दिन का कार्य पूर्ण किया था। प्रशिक्षण की अवधि 08 दिसंबर 2025 से 06 जनवरी 2026 तक रही।

काउंसलिंग के माध्यम से चयन

प्रशिक्षण के लिए इच्छुक और पात्र परिवारों का चयन जिला पंचायत के सीईओ सुनील कुमार चंद्रवंशी के मार्गदर्शन में मुख्य कार्यपालक अधिकारी उमेश रात्रे, जिला सहायक परियोजना अधिकारी मनरेगा ओ. पी. साहू और कार्यक्रम अधिकारी योगेश कुमार देवांगन के नेतृत्व में काउंसलिंग के माध्यम से किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राजमिस्त्री कार्य का व्यवहारिक और तकनीकी ज्ञान प्रदान किया गया।

आवास योजना में प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों की भूमिका

जिला समन्वयक प्रभात साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री के “सबके लिए आवास” के संकल्प को साकार करने में प्रशिक्षित राजमिस्त्रियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दक्ष और प्रशिक्षित श्रमिकों के माध्यम से आवास निर्माण कार्य तेजी से पूरा किया जा सकेगा।

स्वरोजगार और उद्यमिता की जानकारी भी दी गई

30 दिवसीय प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को राजमिस्त्री कौशल के साथ-साथ बैंकिंग प्रक्रियाएं, ऋण व्यवस्था, सफल उद्यमिता, समय प्रबंधन, बिजनेस प्लान तैयार करना और स्वरोजगार के अवसर जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य था कि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा बालोद के प्रबंधक की गरिमामय उपस्थिति में प्रशिक्षित हितग्राहियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। संस्थान के निदेशक ने बताया कि R-SETI बालोद अप्रैल माह से जिले में संचालित हो रहा है और बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि संस्थान के तहत जिले में 65 से अधिक प्रकार के स्वरोजगार प्रशिक्षण उपलब्ध हैं, जिनमें ब्यूटीशियन, मोबाइल रिपेयरिंग, इलेक्ट्रिशियन, सिलाई, कृत्रिम ज्वेलरी निर्माण सहित अन्य व्यावसायिक प्रशिक्षण शामिल हैं।

You cannot copy content of this page