DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

ग्रामीणों ने शिक्षक हटाने की मांग को लेकर राजनांदगांव – अर्जुंदा मार्ग पर 6 घंटे किया चक्काजाम

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा: विवादित शिक्षिका तथा बीईओ को निलंबित करें

बालोद। डौडीलोहारा विकासखंड के ग्राम बीजाभाटा में शिक्षिका को हटाने व स्थानांतरित शिक्षिका का स्थानांतरण रोकने को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने राजनांदगांव अर्जुंदा मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।ग्रामीणों ने इसके पूर्व प्रशासन को इसकी सूचना लिखित में दी थी। ग्राम बीजाभाटा के ग्रामीण कमलेश साहू ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में तीन शिक्षक थे। युक्तियुक्तकरण के तहत शिक्षिका नर्मदा साहू का अन्यत्र स्थानांतरण कर दिया। इससे ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीण शिक्षिका उषा बोरकर का लंबे समय से स्थानांतरण की मांग कर रहे थे। लेकिन दूसरी शिक्षिका का स्थानांतरण कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि उषा बोरकर का विद्यालय के छात्रों तथा ग्रामीणों के साथ व्यवहार ठीक नहीं है। विद्यालय में समय पर उपस्थित भी नहीं रहती। इससे विद्यालय में अव्यवस्था रहती है। ग्रामीण अपने बच्चों को 15 दिन से स्कूल नहीं भेज रहे हैं। इधर चक्काजाम में ग्रामीणों को समर्थन देने बीजाभाटा पहुंचे विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया ही गलत है। इससे अव्यवस्था फैल रही है। विभाग को कई बार बोलने के बाद भी शिकायत वाली शिक्षिका को ना हटाकर दूसरी शिक्षिका को हटाने से ग्रामीण नाराज है। सरकार पढ़ने वाले बच्चों के साथ-साथ किसानों को भी परेशान कर रही है। किसानों को खाद बीज उपलब्ध नहीं हो रहा है। पर्याप्त मात्रा में बिजली भी उपलब्ध नहीं हो रही है। चक्का जाम के समर्थन में कोदूराम दिल्लीवार अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवरी, भोजराम साहू अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गुंडरदेही, गुलशन चंद्राकर सदस्य जिला पंचायत बालोद अनुभव शर्मा उपाध्यक्ष नगर पंचायत अर्जुंदा, राजेश बाफना विधायक प्रतिनिधि,केशव शर्मा, हरीश चंद्राकर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष, जनपद सदस्य श्रीमती ललिता भूआर्य, शोभित यादव, भूपेश नायक, सागर साहू, दिग्विजय ठेठवार, इंद्रमण देशमुख, सरपंच कांतिभूषण साहू, भूपेंद्र साहू, गीनुराम ठाकुर, दुर्जनलाल साहू, बिसुलाल साहू, टोमन लाल देवांगन, दयाल यादव, अनवर सूर्यवंशी, चोवाराम साहू, भुवन कुमार साहू, लीलाधर मेश्राम, चित्रांश, रत्नेश गायकवाड, एसडीएम डौडीलोहारा, एसडीओपी सहित विद्यालय के विद्यार्थी, ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित थे।

शिक्षिका एवं बीईओ दोनों को निलंबित करें

विधायक कुंवर सिंह निषाद ने कहा कि बीजाभाटा की विवादित शिक्षिका तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी को जब तक निलंबित नहीं किया जाता तब तक धरना जारी रहेगा। बच्चों के भविष्य के लिए लड़ाई जारी रहेगी। हम भरी बरसात में मांग पूरी होने तक सड़क पर बैठे रहेंगे।

चक्का जाम कल तक स्थगित

ग्राम बीजाभाटा में ग्रामीण एवं विधायक द्वारा शिक्षिका व बीईओ को निलंबित करने की मांग को लेकर चक्का जाम किया था। एसडीएम से आश्वासन मिला है कि सोमवार 11:30 बजे तक निलंबन आदेश जारी कर दिया जाएगा। उक्त आश्वासन के बाद ग्रामीण एवं विधायक ने चक्का जाम कल तक के लिए स्थगित कर दिया है।

You cannot copy content of this page