खबर का असर: धनगांव में घुसा था घरों में पानी, बचाव दल पहुंचा, खरखरा नहर का पार तोड़कर निकाला जा रहा पानी



बालोद। जिले में सावन के पहले दिन झमाझम बारिश हो रही। सुबह से अब तक बारिश का सिलसिला जारी है। जिले में 22 जुलाई की स्थिति में औसत 45.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश अर्जुंदा तहसील क्षेत्र में 89.9 मिलीमीटर हुई तो वहीं कम बारिश बालोद तहसील क्षेत्र में 14.8 मिली मीटर दर्ज की गई। हालांकि यह रिकॉर्ड सोमवार को सुबह 8 बजे तक का लिया जाता है।

लेकिन 8 बजे के बाद सोमवार को दिनभर जोरदार बारिश होती रही। जिससे बारिश का आंकड़ा बढ़ते क्रम पर ही रहा। तो वहीं आफत बनी इस बारिश के बीच बचाव के कार्य भी शुरू हो चुके हैं। सोमवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक अमला भी पहुंचा और पानी निकासी के इंतजाम भी किए गए। हमारे द्वारा प्रमुखता से प्रकाशित धनगांव के ग्रामीणों के घरों में पानी घुसने के मामले में प्रशासन ने तत्परता दिखाई और जेसीबी लेकर बरसते पानी के बीच पहुंचे। जहां पानी निकासी के लिए खरखरा नहर के पार को तोड़कर रास्ता बनाया गया।

सरपंच तोषण चूरेंद्र ने बताया कि करीब 2 बजे एसडीएम शिवनाथ बघेल, पटवारी अमीना ठाकुर, आर आई श्री बोरकर, कोटवार शीतल प्रसाद गंधर्व, सचिव घनश्याम भुआर्य, रोजगार सहायक चैमन सिवाना सहित अन्य टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। पानी निकासी के लिए खरखरा नहर के पार को तोड़ा गया। एसडीएम व अन्य अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर घर परिवार वालों को अन्यत्र सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी।

पुनः लगभग शाम 5 बजे सिंचाई विभाग के कर्मचारी देखने के लिए आए। लगातार बारिश के कारण जितना पानी निकल रहा है उससे ज्यादा पानी के भराव अभी भी बना हुआ है। हालांकि प्रशासन द्वारा अब पहल किए जाने से कुछ हद तक ग्रामीणों ने राहत महसूस की है। लेकिन लगातार बारिश से ग्रामीण डरे सहमें हुए हैं कि कहीं उनके घर की दीवारें ना गिर जाए ।

You cannot copy content of this page