DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

स्कूल के सफाईकर्मी भी कर रहे हैं अब आंदोलन की तैयारी, बालोद प्रवास पर आए साजा विधायक ईश्वर साहू को सौंपा गया ज्ञापन

बालोद। गंगा मैया मंदिर प्रांगण झलमला में स्कूल सफाई कर्मचारियों की जिला स्तरीय बैठक संपन्न हुई । जिसमें छन्नू साहू जिला अध्यक्ष चुने गए। उपाध्यक्ष तिलेश्वर सिन्हा, सचिव माखनलाल सोनवानी, कोषाध्यक्ष गंभीर राम साहू, प्रवक्ता भुवनेश्वर लाल पटेल, संरक्षक शंभू राम साहू, सलाहकार जितेंद्र कुमार इंदौरिया एवं मीडिया प्रभारी रूपेश कुमार सोनकर बने।
बैठक में जिले के समस्त स्कूल सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित पदाधिकारी का गुलाल लगाकर स्वागत किया गया। छन्नू साहू ने बताया कि 14 वर्षों से अंशकालिक के रूप में करते-करते हम थक चुके हैं। जिसमें हमारे परिवार का भरण पोषण करना मुश्किल हो गया है। पूर्व भूपेश सरकार ने हमें 10 दिन में पूर्णकालीन करने का वादा किया और 5 वर्षों तक उनकी सरकार के चलते हमारी कोई सुनवाई नहीं हुई।

अब मोदी की गारंटी ,,,,,

वर्तमान में भाजपा की सरकार ने मोदी जी की गारंटी में 50% बढ़ोतरी की घोषणा पत्र में बात कही है। पर आज तक कुछ नहीं हुआ है। आने वाले नगरी निकाय चुनाव में इसका असर दिखने को मिलेगा। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत हम विद्यालय की साफ सफाई करते हैं और स्कूल के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ के स्कूलों को स्वच्छ बनाने में हम भूमिका निभाते हैं।

केवल एक ही मांग है,,,,

हमारी केवल एक ही मांग है अंशकालीन से पूर्ण कालीन एवं भृत्य के पद पर समायोजन करना जिससे कि हमारे परिवार का भरण पोषण हो सके। आगे हमारा कार्य होगा मई जून महीने का वेतन दिलाना। सभी विद्यालय में देखा गया है कि गर्मी के मौसम में समर कैंप का आयोजन किया गया था और स्कूल की हरियाली को बनाए रखने के लिए स्कूल सफाई कर्मचारी पानी डालने भी जाते हैं। जिससे की स्कूल का पौधा हरा भरा रहता है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम में पौधा लगाने का अभियान चलाया है पर विद्यालय में जो पौधे हरियाली हैं वह स्कूल सफाई कर्मचारी की वजह से ही है। गर्मी के मौसम में बारिश न होने की वजह से सभी पौधे सूख जाते हैं पर कर्मचारी उन्हें पानी देकर सीचता है और हरा-भरा रखता है। लेकिन दुख की बात यह है कि इतने कम मानदेय के बावजूद डेढ़ माह का वेतन नहीं दिया जाता।
सबसे पहले पूरे बालोद जिला के समस्त कर्मचारियों का वेतन दिलवाने प्रथम प्राथमिकता है।

अपनी मांगों को लेकर विधायक ईश्वर साहू जी को सौंपा ज्ञापन, विधायक ने कहा मुख्यमंत्री तक बात पहुंचाऊंगा

जिला अध्यक्ष बनते ही छन्नू साहू ने स्कूल सफाई कर्मचारियों की मांगों में तत्परता दिखाई और साजा विधायक ईश्वर साहू को केवल एक ही मांग अंशकालीन से पूर्ण कालीन कर भृत्य के पद पर समायोजित करने की गुहार लगाई। दरअसल में बैठक के दौरान ही साजा विधायक ईश्वर साहू बालोद प्रवास पर थे और गंगा मैया मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। जहां स्कूल सफाई कर्मियों ने ज्ञापन सौंपा। स्कूल सफाई कर्मचारी सन 2011 से कार्य करते आ रहे हैं जिसमें अल्प वेतन ही मिलता है।2000 से 3000 में परिवार का भरण पोषण नहीं हो पाता। सफाई के साथ-साथ शाला प्रबंधन समिति की बैठक का सूचना घूमाना , हस्ताक्षर करवाना, पौधों में पानी डालना , सूखा राशन लाना और शाम को स्कूल बंद करने जाने की वजह से अन्यत्र जगह काम में नहीं जा सकते। इसलिए शासन से मांग की गई है कि मांगों को गंभीरता पूर्वक विचार करें और उन्हें पूर्णकालिक करने में तत्परता दिखाई जाए। शासन को अवगत हो की सीधी भर्ती निकालने की बजाय सर्वप्रथम स्कूल सफाई कर्मचारियों को प्राथमिकता दिया जाए एवं भृत्य की पद पर समायोजन किया जाए। इस तरह अगर सरकार मांगों पर विचार जल्द से जल्द नहीं करती तो आगे की रणनीति बनाकर रूपरेखा तैयार कर उग्र आंदोलन की जाएगी।

You cannot copy content of this page