DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

जहां बिकती थी सबसे ज्यादा शराब, उसी गांव जगन्नाथपुर से पुलिस ने शुरू की नशे से आजादी के लिए नुक्कड़-नाटक से जागरूकता

बताया नशे का दुष्परिणाम, गांव में शांति का माहौल बनाने पुलिस ने शुरू किया काम

बालोद। नशे से आजादी पखवाड़ा अभियान के तहत बालोद जिले की पुलिस टीम जहां अलग-अलग क्षेत्र में नशे के सौदागरों को पकड़ने में लगी हुई है तो वहीं लोगों के बीच नशे के दुष्परिणाम को बताने के लिए जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। इस क्रम में अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक का पहला आयोजन बालोद जिले के ग्राम जगन्नाथपुर में हुआ । जहां काफी ज्यादा अवैध शराब बिकती थी।ये गांव शराब बिक्री को लेकर हमेशा चर्चा में रहा और जहां पर पुलिस की कार्रवाई भी होती रही। इस अभियान को सार्थक करते हुए पुलिस टीम ने इसी गांव को नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति के लिए चुना था। शुक्रवार की शाम को गांव के कला मंच के पास पुलिस टीम व कलाकारों की प्रस्तुति हुई। नाटक के जरिए कलाकारों ने नशे के दुष्परिणाम, तबाह होते परिवार के बारे में बताया और खासतौर से महिलाओं को प्रेरित किया कि अपने घर के पुरुषों को सुधारने में आप लोगों की भूमिका अहम हो सकती है। छोटे-छोटे बच्चे किस तरह नशे की गिरफ्त में जा रहे हैं, घरेलू हिंसा बढ़ रही। इसकी बारीकी को भी नाटक से समझाया गया।

इस आयोजन में लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए पहुंची एएसपी प्रज्ञा मेश्राम ने भी कहा कि इस गांव को इसलिए चुना गया था क्योंकि यहां बहुत शराब बेचे जाने की शिकायत थी। हमारी टीम लगातार कार्रवाई भी कर रही थी और यहां शांति व्यवस्था बनाने का प्रयास किया गया। एएसपी ने लोगों से निवेदन किया कि कहीं पर भी इस तरह के नशे से संबंधित अपराध हो रहे तो इसकी सूचना जरूर दें। आप हमें सीधे फोन कर सकते हैं। जिस तरह एक गंदी मछली पूरे तालाब के पानी को गंदा कर देती है उसी तरह गांव में अगर कोई भी किसी तरह के गलत कार्य में संलिप्त है तो उससे पूरा गांव बदनाम होता है। लगातार अभियान के तहत बालोद जिला पुलिस ने शराब के साथ गांजा भी पकड़ा है। सामुदायिक पुलिसिंग पर हमारा फोकस है। नशे से एक गांव, समाज, परिवार सब कुछ खराब होता है।

अभियान के प्रभारी यातायात निरीक्षक दिलेश्वर चंद्रवंशी ने भी खासतौर से युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि शराब, गांजा, बीड़ी, सिगरेट का नहीं पढ़ाई का नशा करें ताकि आपका भविष्य सुधरे ना कि नशे की जकड़ में आकर अपना भविष्य खराब करें। थाना प्रभारी नवीन बोरकर ने कहा कि गांव में शांति व्यवस्था कायम करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। कई शराब कोचियों की धरपकड़ कर किसी को शराब के साथ तो किसी को प्रतिबंधात्मक धारा के तहत गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया है। पहले से यहां माहौल काफी सुधर गया है। गांव में शांति व्यवस्था कायम की गई है। अतिथि स्वरूप पहुंचे एसडीओपी बोनीफॉस एक्का ने भी पुलिस के इस जागरूकता अभियान की सराहना की व ग्रामीणों को पुलिस का साथ देने की अपील की। सरपंच अरुण साहू ने भी पुलिस के इस प्रयास को सराहा और कहा कि जगन्नाथपुर में शांति कायम करने में बालोद पुलिस की अहम भूमिका नजर आ रही है।

यह टीम दे रही प्रस्तुति

कला जत्था स्पर्श कम्यूनिकेशन एवं लोक सुमन संस्था के कलाकारों सोहन साहू व साथियों के द्वारा नुक्कड़ नाटक, गीत संगीत के माध्यम से आम जनता को नशे से दूर रहने नशामुक्त जीवन जीने की सलाह दिया गया। नशे से होने वाले अर्थिक नुकसान के साथ-साथ शारीरिक नुकसान की जानकारी दिया गया नशा बहुत सारे बीमारीयों की जड़ है, आम जनता को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में अवगत कराया गया। बीड़ी, सिगरेट, एवं गुटखा खाने से केंसर रोग होने एवं अत्यधिक शराब पीने से होने वाले शारीरिक मानसिक व अर्थिक नुकसान के बारे में कला के माध्यम से प्रस्तुति दिया गया।

You cannot copy content of this page