DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

विधायक संगीता सिन्हा की अनुशंसा से इन तीन गांव में खुलेंगे स्थायी व नवीन धान खरीदी केंद्र, खाद्य मंत्री ने पत्र को लिया गंभीरता से

खपरी, नारागांव और अब लिमोरा में खुलेगा नया धान खरीदी केंद्र, किसानों में खुशी

बालोद। संजारी बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा के अथक प्रयास से अब विधानसभा क्षेत्र के बालोद और गुरूर दोनों ही ब्लॉक में तीन धान खरीदी केंद्रों की नवीन स्वीकृति दी गई है। इन केंद्रों के शुरू होने के बाद किसानों को अब लंबी दूरी से छुटकारा मिल जाएगा। गुरुर में नारा गांव और बालोद ब्लाक में खपरी व लिमोरा गांव में नवीन धान खरीदी केंद्र की स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए किसानों की मांगों को देखते हुए विधायक संगीता सिन्हा ने खाद्य मंत्री अमरजीत भगत को पत्र भी लिखा था। जिसे मंत्री ने गंभीरता से लिया और शासन ने खरीदी केंद्र की स्वीकृति संबंधित आदेश भी जारी कर दिया है। एक-एक कर तीनों केंद्र की स्वीकृति दी गई है तो वहीं इस स्वीकृति के बाद किसानों में खुशी का माहौल है। किसानों ने विधायक के इस प्रयास के लिए आभार जताया व कहा कि उनकी संवेदनशीलता से धान खरीदी में सुविधा होगी। उन्हें अब दूर के सोसाइटी में नहीं जाना पड़ेगा। गांव में नजदीक में ही वे धान बेंच सकेंगे। काफी राहत मिलेगी। समय और धन की बर्बादी रुकेगी।

इस तरह 3 गांव की समस्या बताते हुए विधायक ने लिखा था मंत्री को पत्र

विधायक संगीता सिन्हा नेअमरजीत भगत मंत्री, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, छ0ग0 शासन रायपुर (छ0ग0) को धान खरीदी केन्द्र का स्थायीकरण करने एवं नवीन स्थायी धान खरीदी उपकेन्द्र व नवीन स्थायी धान खरीदी केन्द्र प्रारंभ करने पत्र लिखा था।

यह था पत्र में

  • अस्थायी धान खरीदी केन्द्र लिमोरा का स्थायीकारण करने

ग्राम पंचायत लिमोरा वि.खं.- बालोद में विगत 8 वर्षो से धान खरीदी केन्द्र अस्थायी रूप से संचालित किया जा रहा है। ग्राम लिमोरा क्षेत्रफल की दृष्टि से आस-पास के गाँवों से बड़ा है एवं यहाँ पर्याप्त स्थल भी है। मूल धान खरीदी केन्द्र करहीभदर में पर्याप्त जगह न होने के कारण किसानों को धान बेचने के समय बड़ी ही दिक्कतों का सामना करना पड़ता है इसलिए ग्राम लिमोरा के अस्थायी धान खरीदी केन्द्र का स्थायीकरण किये जाने की आवश्यकता है।

2.•ग्राम नारागाँव में नवीन स्थायी धान खरीदी उपकेन्द्र प्रारंभ करने

ग्राम-नारागॉव, वि.खं. – गुरुर एवं इसके आस-पास के ग्रामों का वर्तमान धान खरीदी केन्द्र ग्राम हितेकसा है जो कि यहाॅ से 16-17 कि.मी. दूर वन मार्ग पर स्थित है। हितेकसा धान खरीदी केन्द्र के अंतर्गत लगभग 11-12 गांव आते हैं जिसके कारण भीड़ जैसी स्थिति निर्मित होने एवं ऊबड़-खाबड़ वन मार्ग में लंबी दूरी तय करने से किसानों को आर्थिक एवं मानसिक रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्राम नारागांव क्षेत्रफल की दृष्टि से आस-पास के गाँवो से बड़ा है इसलिए किसानों के मॉग के अनुरूप ग्राम नारागॉव में नवीन स्थायी धान खरीदी उपकेन्द्र प्रारंभ किये जाने की आवश्यकता है।

3.ग्राम खपरी में नवीन स्थायी धान खरीदी केन्द्र प्रारंभ करने

ग्राम खपरी, वि. खं. बालोद में नवीन स्थायी धान खरीदी केन्द्र प्रारंभ किये जाने की माँग स्थानीयजन व आस-पास के किसानों द्वारा विगत कुछ वर्षों से की जा रही है क्योंकि इन्हें धान बेचने के लिए लम्बी दूरी तय करते हुए लाटाबोड़ खरीदी केन्द्र जाना पड़ता है। ग्राम खपरी में गोदाम भी निर्मित हो चुका है एवं यहाँ के ग्रामीण नवीन धान खरीदी केन्द्र के लिए भूमि भी देने के लिए तैयार हैं। ग्रामीणों की मॉग एवं कृषकहित को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम खपरी में नवीन स्थायी धान खरीदी केन्द्र प्रारंभ किये जाने की आवश्यकता है।

अत एव ग्राम लिमोरा के अस्थायी धान खरीदी केन्द्र का स्थायीकरण (नियमितिकरण) करने, ग्राम नारागाँव में नवीन स्थायी धान खरीदी उपकेन्द्र तथा ग्राम खपरी में नवीन स्थायी धान खरीदी केन्द्र प्रारंभ किये जाने हेतु यह पत्र अनुशंसा सहित आपकी ओर सादर सम्प्रेषित है।

You cannot copy content of this page