पंचायत और नगरीय निकाय उप निर्वाचन 2026 का कार्यक्रम जारी, 1 जून को होगा मतदान



बालोद। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय उप निर्वाचन 2026 के लिए निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्वाचन प्रक्रिया 11 मई 2026 से प्रारंभ हो गई है। इसके साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है तथा इन क्षेत्रों को सुशासन तिहार 2026 से मुक्त रखा गया है।

अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्रकांत कौशिक ने बताया कि जिले के नगर पंचायत पलारी सहित 31 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए उप निर्वाचन कराया जाएगा। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार अभ्यर्थी 18 मई 2026 को दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा कर सकेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 19 मई को होगी तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 21 मई 2026 निर्धारित की गई है।

1 जून को मतदान, 4 जून को परिणाम

नगर पंचायत पलारी में मतदान 1 जून 2026 को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक होगा, जबकि मतगणना एवं परिणाम घोषणा 4 जून को सुबह 9 बजे से की जाएगी।

वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन के लिए मतदान 1 जून को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक संपन्न होगा। पंचायत चुनावों की मतगणना मतदान केंद्रों में उसी दिन शुरू होगी। खंड मुख्यालय स्तर पर मतगणना 2 जून को होगी तथा 4 जून को सारणीकरण एवं परिणाम घोषित किए जाएंगे।

इन ग्राम पंचायतों में होंगे उप चुनाव

उप निर्वाचन के अंतर्गत जनपद पंचायत बालोद के ग्राम पंचायत हथौद, डेंगरापार एवं लाटाबोड़, जनपद पंचायत गुरूर के कंवर, धनेली, कोलिहामार, बालोदगहन एवं डढारी, जनपद पंचायत गुण्डरदेही के डुड़िया, सियनमरा, साजा, बोरगहना, सांकरी, हल्दी, कसौंदा, मचैद, जेवरतला, बोरगहन फु., खपरी ब एवं परना, जनपद पंचायत डौण्डीलोहारा के कापसी, कोरगुड़ा, कर्रेगांव, डेंगरापार, भण्डेरा, टटेंगा, बैहाकुआं एवं कसही लो तथा जनपद पंचायत डौण्डी के ठेमाबुजुर्ग एवं अवारी ग्राम पंचायत शामिल हैं।

जिले में कुल 45 हजार से अधिक मतदाता

निर्वाचन आयोग के अनुसार जिले के 31 ग्राम पंचायतों में कुल 45,212 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 22,421 पुरुष, 22,789 महिला एवं 02 अन्य मतदाता शामिल हैं। वहीं नगर पंचायत पलारी में कुल 3766 मतदाता हैं, जिनमें 1854 पुरुष एवं 1912 महिला मतदाता शामिल हैं।

आदर्श आचरण संहिता लागू

निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिन क्षेत्रों में उप निर्वाचन होना है, वहां सुशासन तिहार 2026 लागू नहीं रहेगा, जबकि जिले के अन्य क्षेत्रों में यह अभियान पूर्ववत संचालित होगा।

नियुक्त किए गए रिटर्निंग अधिकारी

निर्वाचन कार्य संपन्न कराने के लिए विभिन्न जनपद पंचायतों एवं नगर पंचायत पलारी हेतु रिटर्निंग एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।
जनपद पंचायत बालोद हेतु तहसीलदार आशुतोष शर्मा, गुरूर हेतु हनुमंत सिंह श्याम, गुण्डरदेही हेतु कोमल ध्रुव, डौण्डीलोहारा हेतु हिंसा राम नायक, डौण्डी हेतु देवेंद्र नेताम तथा नगर पंचायत पलारी हेतु एसडीएम रामकुमार सोनकर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।

You cannot copy content of this page