DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

फेरी की आड़ में नशे का कारोबार: कपड़ों के ढेर के पीछे छिपाकर हो रही थी गांजा तस्करी, रायपुर रेंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायपुर/महासमुंद/धमतरी। रायपुर रेंज पुलिस ने “ऑपरेशन निश्चय” के तहत गांजा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फेरीवालों की आड़ में चल रहे अंतरराज्यीय नशा कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने महासमुंद, धमतरी और गरियाबंद जिलों में नाकेबंदी कर 378.060 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त गांजा की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 89 लाख 3 हजार रुपये बताई गई है, जबकि 11 वाहनों सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 1 करोड़ 98 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है। कार्रवाई में 12 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

कपड़ा फेरीवाले बनकर कर रहे थे गांजा तस्करी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को सड़क पर कपड़ा बेचने वाला फेरीवाला बताकर मोटरसाइकिलों से गांजा तस्करी कर रहे थे। तस्करों ने बाइक की पिछली सीट पर विशेष लोहे का जालीदार कम्पार्टमेंट तैयार कराया था, जिसके ऊपर कपड़ों का ढेर रखा जाता था ताकि किसी को शक न हो।

पुलिस के अनुसार गांजा उड़ीसा के बालिगुड़ा और रायगढ़ा क्षेत्र से लाकर मध्यप्रदेश में खपाने की योजना थी। इससे पहले भी रायपुर रेंज पुलिस एम्बुलेंस, केला परिवहन, मूवर्स एंड पैकर्स, ऑटो, बस और ट्रेन की आड़ में हो रही गांजा तस्करी का खुलासा कर चुकी है।

महासमुंद में सबसे बड़ी कार्रवाई

महासमुंद जिले के थाना बसना क्षेत्र में पुलिस ने 5 मोटरसाइकिलों में 215 किलो गांजा जब्त कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे मामले में 23 किलो गांजा के साथ 3 अन्य आरोपी पकड़े गए। थाना कोमाखान पुलिस ने टेमरी जांच नाका में 9 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद कर 2 तस्करों को गिरफ्तार किया।

धमतरी में भी पकड़ा गया गिरोह

धमतरी जिले में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 131.005 किलो गांजा जब्त किया। यहां भी आरोपी कपड़ा फेरीवालों की तरह घूमकर गांजा तस्करी कर रहे थे। मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

करोड़ों की संपत्ति जब्त

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 378 किलो से अधिक गांजा, 11 मोटरसाइकिल, 9 मोबाइल फोन, नगदी रकम और गांजा छिपाने में उपयोग किए गए लोहे के जालीदार कम्पार्टमेंट जब्त किए हैं।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

मेताप टाटिया, रमेश चौहान, राजू कुमावत टाकिया, दीपक राजपूत, प्रकाश बंजारा, मोहम्मद रिहान, मनोज सिंह, चंद्रशेखर, जितेंद्र, विकास, राजेश ओबनी एवं दौलत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तरप्रदेश के निवासी बताए गए हैं।

रायपुर रेंज पुलिस ने कहा है कि सीमावर्ती जिलों में लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा और नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page