DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र सक्रिय, छत्तीसगढ़ में बढ़ेगा तापमान

12 मई को प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार

रायपुर। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और श्रीलंका के उत्तरी तट के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण लगभग 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक यह सिस्टम अगले 48 घंटे में और अधिक मजबूत हो सकता है।

इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है, जो लगभग 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है।

वहीं एक द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश से उप-हिमालयीन पश्चिम बंगाल तक छत्तीसगढ़ होते हुए लगभग 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर देखने को मिल सकता है।

12 मई को मौसम रहेगा शुष्क

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि छत्तीसगढ़ में 12 मई को मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना कम है।

बढ़ेगा अधिकतम तापमान

प्रदेश में आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। हालांकि दक्षिण छत्तीसगढ़ के क्षेत्रों में तापमान में किसी विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं बताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और तेज धूप को देखते हुए सावधानी बरतने तथा दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

You cannot copy content of this page