DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटे भटगांव निवासी CAF जवान ने धमतरी में की आत्महत्या

पत्नी से विवाद के बाद किराए के मकान में फांसी पर लटका मिला जवान, पुलिस जांच में जुटी

बालोद/धमतरी। बालोद जिले के गुण्डरदेही ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भटगांव निवासी CAF जवान ने धमतरी स्थित अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान जागेश्वर प्रसाद ठाकुर (उम्र 37 वर्ष) निवासी ग्राम भटगांव कलंगपुर, जिला बालोद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वे CAF की 10वीं बटालियन एफ कंपनी सूरजपुर में पदस्थ थे और वर्तमान में सिविल लाइन रायपुर में ड्यूटी कर रहे थे।

पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटे थे

जानकारी के अनुसार जागेश्वर ठाकुर हाल ही में पश्चिम बंगाल चुनाव ड्यूटी से लौटे थे और पांच दिन के ब्रेक रेस्ट पर धमतरी स्थित सपना पिंक सिटी रोड के किराए के मकान में रह रहे थे।

पत्नी से विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक घटना वाले दिन जवान का अपनी पत्नी से विवाद हुआ था। विवाद के बाद पत्नी नाराज होकर रिश्तेदार के घर चली गई थी। देर रात पत्नी ने जवान के छोटे भाई को फोन कर विवाद की जानकारी दी।

जब छोटा भाई मकान पहुंचा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद पीछे के रास्ते से कमरे के भीतर पहुंचने पर जागेश्वर ठाकुर फांसी के फंदे पर लटके मिले। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही धमतरी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अंतिम संस्कार गांव में होगा

बताया जा रहा है कि जवान का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम भटगांव कलंगपुर में किया जाएगा। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

मामले में पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव या अन्य कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

You cannot copy content of this page