DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

बिलासपुर में 16 मई से शुरू होगा दुर्गावाहिनी शौर्य प्रशिक्षण वर्ग

छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से शामिल होंगी छात्राएं, आत्मरक्षा और संस्कार का मिलेगा प्रशिक्षण

बालोद। विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा सात दिवसीय दुर्गावाहिनी शौर्य प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 16 मई से 23 मई 2026 तक बिलासपुर में किया जाएगा। इस प्रांत स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से छात्राएं शामिल होंगी।

कार्यक्रम की तैयारियों में विश्व हिंदू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत संगठन के पदाधिकारी जुटे हुए हैं। संगठन के प्रांत मंत्री पूर्णेंदु सिन्हा ने पत्र जारी कर सभी जिला इकाइयों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने जिलों से अधिक से अधिक छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करें।

छात्राओं को मिलेगा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण

प्रशिक्षण वर्ग में दुर्गावाहिनी की प्रशिक्षित बहनों द्वारा छात्राओं को धार्मिक शिक्षा, सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूल मंत्रों के साथ आत्मरक्षा का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें दंड चलाना, तलवार चलाना, कराते, योग एवं अन्य शारीरिक प्रशिक्षण शामिल रहेंगे।

संगठन का उद्देश्य बेटियों को विषम परिस्थितियों में आत्मनिर्भर और सक्षम बनाना है, ताकि वे बदलते सामाजिक परिवेश में आने वाली चुनौतियों का मजबूती से सामना कर सकें।

वर्षभर आयोजित होते हैं प्रशिक्षण वर्ग

विश्व हिंदू परिषद संगठन द्वारा वर्षभर अलग-अलग स्थानों पर मातृशक्ति संगठन, दुर्गावाहिनी, बजरंग दल एवं परिषद वर्गों का आयोजन किया जाता है। इन प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से युवाओं और महिलाओं में संगठनात्मक, सांस्कृतिक और आत्मरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया जाता है।

कई विभागों से पहुंचेगी छात्राएं

बिलासपुर में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग में रायपुर विभाग, राजनांदगांव विभाग, बस्तर विभाग, दुर्ग विभाग सहित बिलासपुर और अन्य जिलों से बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल होंगी।

बालोद जिले में भी तैयारियां तेज

बालोद जिले में भी प्रशिक्षण वर्ग को लेकर संगठन सक्रिय हो गया है। जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता सहित पोषण बनपेला, अजय अग्रवाल, राजेश सोनी, सत्या साहू, ममता यदु, उमेश सेन, योगिता साहू, पूजा जैन, संगीता शर्मा, सेवन साहू, तरुण राठी, मुरली साहू, पुनीता मिश्रा, प्रेम शुक्ला, पंकज साहू, दामिनी साहू एवं वर्षा साहू सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य छात्राओं से संपर्क कर उन्हें वर्ग में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

You cannot copy content of this page