DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

ओटेबंद में एक माह से लापता पटवारी!

आय-जाति, नामांतरण और फौती कार्यों के लिए भटक रहे ग्रामीण, आंदोलन की चेतावनी

अण्डा/बालोद। गुण्डरदेही ब्लॉक अंतर्गत ग्राम ओटेबंद के हल्का क्रमांक 10 में पटवारी की लगातार अनुपस्थिति से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक माह से अधिक समय से पटवारी क्षेत्र में नहीं आ रहे हैं, जिसके कारण राजस्व विभाग से जुड़े जरूरी कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, नामांतरण, फौती, जमीन की नकल, सीमांकन सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हुए हैं। लोग बार-बार कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिल रही है।

छात्र, किसान और आम नागरिक सबसे ज्यादा परेशान

पटवारी के नहीं मिलने से सबसे अधिक परेशानी छात्र-छात्राओं, किसानों और आम नागरिकों को हो रही है। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, प्रवेश प्रक्रिया और पढ़ाई के लिए जरूरी प्रमाण पत्र नहीं मिल पा रहे हैं, वहीं किसानों को बैंक ऋण, फसल पंजीयन और भूमि रिकॉर्ड संबंधी दस्तावेजों के लिए भटकना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि शासन-प्रशासन आम जनता की सुविधा के लिए कई योजनाएं संचालित कर रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर जिम्मेदार कर्मचारियों की लापरवाही से लोगों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इससे ग्रामीणों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

जल्द समाधान नहीं हुआ तो होगा आंदोलन

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ग्राम ओटेबंद हल्का क्षेत्र क्रमांक 10 में तत्काल नियमित पटवारी की व्यवस्था की जाए तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण कराया जाए, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस दौरान शिकायतकर्ता ग्राम पंचायत ओटेबंद के सरपंच जीवन लाल साहू, उपसरपंच पुखराज निर्मलकर, राजू लाल, गोपाल, दूजराम, देमन लाल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।

डंगनिया से संजय साहू की रिपोर्ट

You cannot copy content of this page