केंद्र सरकार ने पर्याप्त रासायनिक खाद उपलब्ध नहीं कराया इसलिए कमी : चंद्रप्रभा सुधाकर
जिले के ब्लाक मुख्यालयों में कांग्रेस देगी धरना
बालोद। जिले के समस्त 9 ब्लॉकों में खाद की किल्लत को लेकर शुक्रवार को समस्त ब्लॉक मुख्यालय में धरना प्रदर्शन करेगी। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर ने बताया कि छत्तीसगढ़ में किसानी के मौसम में खाद की किल्लत होना अत्यंत शर्मनाक बात है ऐसी स्थिति केंद्र की भाजपा सरकार के द्वारा राज्यों के कांग्रेस सरकारों को परेशान करने की मंशा से, छत्तीसगढ़ राज्य में रासायनिक खाद का जो कोटा तय किया गया था उससे 60% तक कम खाद छत्तीसगढ़ को भेजा गया है। ऐसी स्थिति में किसानों के बीच खाद प्राप्त करने की मारामारी हो रही है और भाजपा के लोगों के द्वारा यह दुष्प्रचार करने का प्रयास किया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ राज्य सरकार किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं करा पा रही है ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि कांग्रेसी धरना एवं प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी के द्वारा किए जा रहे दुष्प्रचार को जनता के सामने लाएं और किसानों को सच से अवगत कराएं। इस विषय को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने निर्देश दिया है कि 6 अगस्त को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में सभी ब्लॉक मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन के माध्यम से खाद के कृत्रिम अभाव का पर्दाफाश किया जाएगा और क्षेत्र के किसानों को बताया जाएगा कि आज सोसायटीओं में जो खादों की किल्लत है वह केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार की गलत नीतियों की वजह से ही है ।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं बालोद जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा यह निर्देशित किया गया है की 6 अगस्त को 12 बजे धरना प्रदर्शन समस्त ब्लॉक मुख्यालय में किया जाएगा तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से सक्षम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। धरना प्रदर्शन में किसान कांग्रेस, मजदूर कांग्रेस ,आदिवासी कांग्रेस, युवक कांग्रेस, भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, महिला कांग्रेस, सेवादल ,एवं समस्त प्रकोष्ठ के पदाधिकारी उपस्थिति रहेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के समस्त पदाधिकारि अपने अपने निवासरत ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के धरना प्रदर्शन में आवश्य उपस्थित रहेंगे। देवरी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कोदूराम दिल्लीवार ने बताया कि शुक्रवार के धरना प्रदर्शन में संसदीय सचिव व विधायक कुंवर सिंह निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष सोनादेवी देशलहरे, जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर मार्रीबंगला धरना प्रदर्शन स्थल पर उपस्थित रहेगे। धरना प्रदर्शन स्थानीय बस स्टैंड में 12 बजे से प्रारंभ होगा तथा अंत में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
