DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

यूपी के तर्ज पर छत्तीसगढ़ सरकार भी 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को लगने वाली कोरोना वैक्सीन का खर्च उठाएगी, सरकार देगी पैसा, लोगों से नहीं लेंगे कोई शुल्क, देखिए यह राहत भरी खबर

रायपुर
कोरोना वायरस की दूसरी लहर की वजह से कई राज्यों में हाहाकार मचा हुआ है। कई अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत है तो कहीं बेड्स की कमी देखी जा रही है। इस बीच, केंद्र सरकार ने राहत देते हुए एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के लोगों के लिए वैक्सीनेशन प्रक्रिया को भी शुरू करने का ऐलान कर दिया है। ऐसे में छत्तीसगढ़ सरकार ने यूपी सरकार की राह पर चलते हुए अपने नागरिकों को बड़ी राहत दी है। भूपेश बघेल सरकार ने ऐलान किया है कि छत्तीसगढ़ में 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को फ्री में कोरोना वैक्सीन लगवाई जाएगी।

राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, ”छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन का भुगतान राज्य सरकार करेगी। अपने नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए हम हर संभव कदम उठाएंगे। केंद्र सरकार से अनुरोध है कि वह पर्याप्त संख्या में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करे।” इससे पहले, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने फ्री में वैक्सीन लगाने के सवाल पर कहा था कि इसके बारे में मुख्यमंत्री को फैसला लेना है। उन्होंने कहा था कि वैक्सीनेशन के लिए केंद्र सरकार सभी राज्य सरकारों को पैसा दे। उन्होंने कहा था कि केंद्रीय बजट में 30 हजार करोड़ रुपये वैक्सीन के लिए दिए गए हैं।

छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को लगेगा निशुल्क कोरोना वैक्सीन – श्री भूपेश बघेल

कोरोना वैक्सीन का भुगतान करेगी राज्य सरकार

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने घोषणा की है कि छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को निशुल्क कोरोना वैक्सीन लगाया जाएगा। 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के कोरोना के टीकाकरण का भुगतान राज्य सरकार करेगी। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि अपने नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए हम हरसंभव कदम उठाएंगे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है कि छत्तीसगढ़ में पर्याप्त संख्या में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कोविड टीकाकरण के लिए पात्र सभी हितग्राहियों से अपील भी की है कि उन्होंने अगर अब तक टीकाकरण नहीं कराया है तो ज़रूर करा लें, जिससे वे संक्रमण से होने वाली गम्भीर बीमारी से बच सकें।

उल्लेखनीय है कि 45 वर्ष से अधिक आयु समूह को कोविड 19 वैक्सीन की प्रथम डोज़ देने में छत्तीसगढ़ राज्य का स्थान पूरे देश में चौथा है। यदि साठ वर्ष और उससे अधिक आयुवर्ग की बात करें तो छत्तीसगढ़ पूरे देश में लद्दाख, राजस्थान, सिक्किम और त्रिपुरा के बाद पाँचवें स्थान पर है। 88 प्रतिशत हेल्थ केयर वर्कर, 92 प्रतिशत फ्रंट लाइन वर्कर को भी वैक्सीन की पहली खुराक दी जा चुकी है ।छत्तीसगढ़ में अब तक 51 लाख 25 हज़ार 640 कोरोना वैक्सीन की डोज़ का उपयोग किया गया है। प्रदेश में अब तक पहला और दूसरा डोज मिलाकर कुल 50 लाख 55 हजार 698 डोज लगाए जा चुके हैं।

यूपी में भी फ्री में लगेगी कोरोना वैक्सीन

योगी आदित्यनाथ सरकार भी 18 साल से ज्यादा उम्र वालों को नि:शुल्क टीका लगवाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को वर्चुअली हुई कैबिनेट की बैठक में यह निर्णय लिया गया है। बैठक में 18 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्तियों को आगामी एक मई से कोविड टीकाकरण की सुविधा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 18 वर्ष से अधिक आयु वाले लोगों का निशुल्क वैक्सीनेशन कराने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि टीकाकरण अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग कार्य योजना बनाकर कार्य करे। हमे वैक्सीनेशन सेन्टर बढ़ाने होंगे।

You cannot copy content of this page