बालोद। संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता सिन्हा ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर विधायक कॉलोनी के लिए ग्राम पंचायत नकटी में प्रस्तावित भूमि को बदलकर किसी अन्य उपयुक्त एवं केंद्रीय स्थान, विशेष रूप से नया रायपुर में आवंटित करने का अनुरोध किया है।
पत्र में विधायक संगीता सिन्हा ने कहा कि ग्राम पंचायत नकटी में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी का स्थानीय ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यापक विरोध किया जा रहा है। उन्होंने उल्लेख किया कि ग्रामीणों की आपत्तियों के बावजूद भूमि खाली कराने की प्रक्रिया चल रही है, जिससे क्षेत्र में असंतोष का वातावरण बन रहा है।
उन्होंने पत्र में स्पष्ट कहा कि “सैकड़ों ग्रामीणों का आशियाना उजाड़कर बनने वाली आवासीय विधायक कॉलोनी में रहना उचित नहीं समझती हूँ।” उनके अनुसार जनभावनाओं का सम्मान सर्वोपरि है और विकास कार्य जनता की सहमति एवं विश्वास के साथ ही किए जाने चाहिए।
विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनहित, प्रशासनिक सुगमता तथा विधायकों की आवास संबंधी व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ग्राम पंचायत नकटी के स्थान पर किसी अन्य उपयुक्त एवं केंद्रीय स्थान, विशेषकर नया रायपुर में विधायक कॉलोनी के लिए भूमि आवंटित करने पर विचार किया जाए।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ सकारात्मक निर्णय लेकर ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान करेगी।












