गुंडरदेही। ग्राम पंचायत डूड़िया के आश्रित ग्राम मटेवा में अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के मुख्य आतिथ्य में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर प्रमुख अतिथि तथा राकेश पांडे (अध्यक्ष, खादी एवं ग्रामोद्योग) ने अध्यक्षता की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि सम्मेलन एवं वरिष्ठजनों के सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों पर दिया जोर
मुख्य अतिथि डोमन लाल कोर्सेवाड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के सुशासन में गांव, गरीब और किसानों के हित में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आश्रित ग्राम मटेवा में लगभग 50 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन इसी विकास की सोच का परिणाम है। उन्होंने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया।
गुंडरदेही विधानसभा को लेकर कही यह बात
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राकेश पांडे ने कहा कि गुंडरदेही विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति देने के लिए राजनीतिक परिवर्तन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी का विधायक चुना जाता है, तो विकास कार्यों को और तेज गति मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में क्षेत्र के विकास की अपेक्षित गति नहीं मिल सकी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र के विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे। भूमिपूजन के साथ ग्रामीणों ने प्रस्तावित विकास कार्यों के शीघ्र पूर्ण होने की उम्मीद जताई।











