किसान उन्नति योजना की लंबित राशि मिलने पर किसान के चेहरे पर लौटी मुस्कान
बालोद। क्षेत्र के किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर सक्रिय पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस एक बार फिर मददगार बनकर सामने आए हैं। चिपरा गांव के किसान शत्रुघ्न पिता बनऊ राम को किसान उन्नति योजना की लगभग 38 हजार रुपए की लंबित अंतर राशि आखिरकार उनके खाते में मिल गई। यह संभव हो सका संजय बैंस की पहल और तत्परता से।
5 महीने से भटक रहा था किसान
जानकारी के अनुसार किसान शत्रुघ्न ने 23 दिसंबर 2025 को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति कुसुमकसा में 54 क्विंटल धान की बिक्री की थी। धान का मूल भुगतान तो समय पर हो गया, लेकिन किसान उन्नति योजना के तहत मिलने वाली अंतर राशि उनके खाते में जमा नहीं हुई।
राशि नहीं मिलने पर किसान लगातार कुसुमकसा समिति और दल्ली राजहरा स्थित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के चक्कर काटता रहा। समिति प्रबंधक द्वारा विभागीय त्रुटि का हवाला देते हुए कहा जाता रहा कि राशि उनके स्तर से भेज दी गई है।
12 किलोमीटर दौड़ते-दौड़ते थक गया किसान
किसान को अपनी मेहनत की राशि पाने के लिए बार-बार 12 किलोमीटर की दूरी तय कर समिति और बैंक के बीच भटकना पड़ा। परेशान होकर किसान ने अपनी समस्या गांव के भाजपा कार्यकर्ता संदीप साहू को बताई। इसके बाद संदीप साहू ने पूरा मामला पूर्व जनपद सदस्य संजय बैंस के संज्ञान में लाया।
संजय बैंस ने अधिकारियों से की चर्चा
मामले की जानकारी मिलते ही संजय बैंस ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अन्नदाता को अपनी मेहनत की कमाई के लिए भटकना पड़ना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने तुरंत सहकारिता विभाग के सीईओ मनोज नेताम एवं बैंक प्रबंधक से संपर्क कर मामले के शीघ्र निराकरण की मांग की।
अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की, जिसके बाद किसान शत्रुघ्न के खाते में 38 हजार 394 रुपए की अंतर राशि जमा कर दी गई।
“जनता की मुस्कान ही मेरी असली कमाई”
संजय बैंस ने बैंक प्रबंधक एवं समिति प्रबंधक की संवेदनशीलता के लिए आभार जताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता, चाहे किसान हो या मजदूर, उनकी समस्या का समाधान होना ही उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनका उद्देश्य है कि क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति परेशानी में न रहे।
किसान ने जताया आभार
राशि मिलने के बाद किसान शत्रुघ्न ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि इतने लंबे समय बाद उनका पैसा मिलेगा। उन्होंने संजय बैंस और संदीप साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में जब भी कोई समस्या आती है, संजय बैंस हमेशा मदद के लिए आगे आते हैं।
