DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

“पुलिस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2 लाख की ठगी: परिवहन विभाग में पदस्थ कर्मचारी पर FIR दर्ज”

गुंडरदेही। पुलिस विभाग में नौकरी लगाने के नाम पर युवक से 2 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम परसदा (डंगनिया) निवासी मेघराज साहू (27 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2024-25 में पुलिस भर्ती प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान उनके बड़े भाई इलियास मोहम्मद, जो सेना से सेवानिवृत्त हैं, के परिचित प्रकाश चंद्र पढवेकर से उनकी मुलाकात हुई।

बताया गया कि आरोपी प्रकाश चंद्र पढवेकर निवासी मकान नंबर 202, ब्लॉक-डी, मयूरी हाईट्स, बोरसी, पद्मनाभपुर, दुर्ग का रहने वाला है और वर्तमान में परिवहन विभाग मंत्रालय में पदस्थ है।


🚨 आरक्षक पद पर नौकरी लगाने का दिया झांसा

पीड़ित के अनुसार, प्रकाश चंद्र ने खुद की मंत्रालय में अच्छी पहुंच होने की बात कहते हुए पुलिस विभाग में जीडी आरक्षक पद पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया।

आरोप है कि 1 मार्च 2024 को आरोपी ने मेघराज साहू से 2 लाख रुपए अपनी पत्नी कुसुम पढवेकर के भारतीय स्टेट बैंक खाते में जमा करवाए। आरोपी ने यह भी कहा था कि यदि नौकरी नहीं लगी तो पूरी राशि ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी।


💰 पैसे मांगने पर करता रहा टालमटोल

मेघराज साहू ने बताया कि नौकरी नहीं लगने के बाद जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगा।

पीड़ित के अनुसार आरोपी हर बार
“आज दूंगा, कल दूंगा”
कहकर मामले को टालता रहा, लेकिन पैसे वापस नहीं किए।


⚖️ पुलिस ने शुरू की जांच

बार-बार मांगने के बावजूद रकम वापस नहीं मिलने पर पीड़ित ने पुलिस थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रकाश चंद्र पढवेकर के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


📢 युवाओं से सतर्क रहने की अपील

यह मामला एक बार फिर नौकरी दिलाने के नाम पर हो रही ठगी की घटनाओं को उजागर करता है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे का लेन-देन न करें और केवल अधिकृत भर्ती प्रक्रिया पर ही भरोसा रखें।

You cannot copy content of this page