सोमनाथ स्वाभिमान पर्व पर बालोद के कपिलेश्वर मंदिर में भव्य आयोजन, वर्चुअल माध्यम से जुड़े श्रद्धालु



बालोद। “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अवसर पर जिला मुख्यालय बालोद स्थित प्राचीन कपिलेश्वर मंदिर परिसर में सोमवार को भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई पूजा-अर्चना का सीधा प्रसारण देखा तथा उनका संबोधन सुना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में सोमनाथ मंदिर के गौरवशाली इतिहास, विदेशी आक्रांताओं द्वारा किए गए हमलों, मंदिर के पुनर्निर्माण की यात्रा तथा देशभर में आस्था केंद्रों के संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला।

प्राचीन शिव मंदिर में हुई विशेष पूजा-अर्चना

कार्यक्रम की शुरुआत कपिलेश्वर मंदिर में महाआरती एवं विधिवत पूजा-अर्चना से की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सोमनाथ थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाई।

इसके साथ ही शिव तांडव नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति एवं भजन-कीर्तन ने कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।

जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पालिका परिषद बालोद अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू एवं जनपद पंचायत बालोद अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया ने जिलेवासियों को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” की शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 75 वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का कार्य पूर्ण हुआ था और इसी ऐतिहासिक अवसर को देशभर में स्वाभिमान पर्व के रूप में मनाया जा रहा है।

सोमनाथ मंदिर के इतिहास पर हुआ संवाद

कार्यक्रम में वक्ताओं ने बताया कि सोमनाथ मंदिर पर कई बार विदेशी आक्रांताओं ने हमला किया, लेकिन सनातन आस्था और परंपरा को समाप्त नहीं किया जा सका। देश की स्वतंत्रता के बाद तत्कालीन गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने मंदिर पुनर्निर्माण का संकल्प लिया था। वहीं भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने तमाम विरोधों के बावजूद पुनर्निर्मित मंदिर के लोकार्पण समारोह में शामिल होकर ऐतिहासिक संदेश दिया था।

बड़ी संख्या में शामिल हुए श्रद्धालु

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, अजय किशोर लकरा, डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष कमलेश सोनी, गिरिजेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस दौरान सोमनाथ संवाद कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया तथा रंगोली प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र सोनी द्वारा किया गया।

You cannot copy content of this page