बालोद में रेड क्रॉस स्थापना दिवस का भव्य आयोजन, उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. टी.आर. ठाकुर और लक्ष कुमार साहू सम्मानित



बालोद। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी शाखा बालोद द्वारा 11 मई को रेड क्रॉस स्थापना दिवस का भव्य आयोजन बालाजी रिजॉर्ट बालोद में किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्कूलों के जूनियर रेड क्रॉस (JRC) एवं महाविद्यालयों के यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर रेड क्रॉस की गतिविधियों पर आधारित चित्रकला, नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने सेवा, मानवता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए।

मुख्य अतिथियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष तोमन साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला रेड क्रॉस सोसाइटी बालोद के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप जैन ने की। विशेष अतिथियों में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती टेमरिया एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर शामिल रहीं।

उत्कृष्ट कार्य के लिए डॉ. टी.आर. ठाकुर सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान शासकीय घनश्याम सिंह गुप्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालोद के यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यक्रम प्रभारी एवं अर्थशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. टी.आर. ठाकुर को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

डॉ. ठाकुर द्वारा महाविद्यालय के विद्यार्थियों को रेड क्रॉस की गतिविधियों से जोड़ने, प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण शिविर, आपदा प्रबंधन जागरूकता अभियान एवं स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन करने पर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

लक्ष कुमार साहू बने उत्कृष्ट स्वयंसेवक

महाविद्यालय के सक्रिय स्वयंसेवक लक्ष कुमार साहू को उत्कृष्ट स्वयंसेवक सम्मान से सम्मानित किया गया। लक्ष कुमार साहू ने रक्तदान शिविरों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अब तक छह बार रक्तदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर सम्मान भी प्राप्त किया है।

महाविद्यालय परिवार ने दी शुभकामनाएं

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे.के. खलखो सहित समस्त प्राध्यापकों ने डॉ. टी.आर. ठाकुर एवं छात्र लक्ष कुमार साहू को सम्मान प्राप्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में रेड क्रॉस की सेवाओं, मानवता और स्वयंसेवा की भावना को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।

You cannot copy content of this page