DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

नैकुरा में सादगी के बीच लोकप्रिय विधायक संगीता सिन्हा ने मनाया जन्मदिन, तीन स्थानों पर उत्सव, सामुदायिक भवन की घोषणा

बालोद। बालोद गहन ग्राम पंचायत का आश्रित एवं वनांचल क्षेत्र के अंतिम छोर पर बसे छोटे से ग्राम नैकुरा—जहां मात्र 35 घर हैं—को चुनकर बालोद विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री श्रीमती संगीता सिन्हा ने अपना जन्मदिन सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। शासकीय प्राथमिक शाला नैकुरा में आयोजित जन्मदिन उत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, स्कूली बच्चे, कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। दिनभर नैकुरा, बालोद और तरौद में अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से उनका जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया।

बच्चों और ग्रामीणों के बीच मनाया पहला जन्मदिन उत्सव

सबसे पहले विधायक संगीता सिन्हा ने ग्राम नैकुरा में स्कूली बच्चों और ग्रामीणों के बीच केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। बच्चों ने उनके स्वागत में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। विधायक ने बच्चों के साथ समय बिताते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर उनके सौजन्य से बच्चों और ग्रामीणों के लिए नेवता भोज का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ग्रामीणों की मांग पर सामुदायिक भवन की तत्काल घोषणा

कार्यक्रम के दौरान नैकुरा के ग्रामीणों ने गांव में सामुदायिक भवन निर्माण की मांग विधायक के समक्ष रखी। ग्रामीणों की मांग पर संवेदनशीलता दिखाते हुए विधायक संगीता सिन्हा ने तत्काल सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा कर दी, जिससे ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ विधायक का आभार जताया।

नैकुरा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

नैकुरा के कार्यक्रम में पूर्व विधायक भैया राम सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, गुरूर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष किशोर साहू, बालोद ब्लॉक अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय प्रकाश चौधरी, बालोद से पार्षद सुमित शर्मा, साजन पटेल, धीरज उपाध्याय, कमलेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन और ग्रामीण उपस्थित रहे।

जिला कांग्रेस भवन में भी मनाया गया जन्मदिन

इसके बाद बालोद स्थित जिला कांग्रेस भवन में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा विधायक संगीता सिन्हा का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। यहां भी केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी गई और उनके नेतृत्व व जनसेवा कार्यों की सराहना की गई। कार्यकर्ताओं ने उनके दीर्घायु और उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

तरौद में रामायण सम्मेलन के दौरान भी केक काटकर दी बधाई

देर शाम विधायक संगीता सिन्हा तरौद में आयोजित रामायण प्रतियोगिता सम्मेलन कार्यक्रम में शामिल हुईं, जहां ग्रामीणों और आयोजकों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। यहां भी ग्रामीणों द्वारा केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि वैभव साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र सिन्हा, रोहित सागर सहित अन्य जनप्रतिनिधि व कांग्रेसजन मौजूद रहे।

विकास और जनसंपर्क के लिए जानी जाती हैं विधायक संगीता सिन्हा

संजारी-बालोद विधानसभा क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा अपने सरल स्वभाव, जनसंपर्क और क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पण के लिए जानी जाती हैं। वर्ष 2018 में पहली बार विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्होंने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पुल-पुलिया सहित अनेक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी। वर्ष 2023 में पुनः विधायक निर्वाचित होकर उन्होंने जनता के विश्वास को और मजबूत किया है।

जनप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में बनाई पहचान

विधायक संगीता सिन्हा महिला सशक्तिकरण, ग्रामीण विकास और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सक्रिय रहती हैं। क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर उन्होंने एक जनप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है।

जन्मदिन के अवसर पर क्षेत्रभर से जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, दीर्घायु एवं उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की है। बालोद गहन पंचायत के आश्रित और अंतिम छोर पर बसे छोटे से वनांचल गांव नैकुरा से लेकर जिला मुख्यालय और तरौद तक दिनभर चले कार्यक्रमों ने विधायक संगीता सिन्हा के जनसंपर्क और लोकप्रियता की मजबूत झलक प्रस्तुत की।

You cannot copy content of this page