जनता को छत्तीसगढ़ में भाजपा जिताने की अपील, कहा: केंद्र और राज्य में होगी एक सरकार तो बढ़ेगी विकास की रफ्तार

बताया क्यों भूपेश सरकार नहीं लेती केंद्र से मदद और छत्तीसगढ़ रहा पिछड़, 85000 करोड़ की कर्ज तले दबी है कांग्रेस सरकार
बालोद। बालोद विधानसभा सीट पर भाजपा के प्रत्याशी राकेश यादव के समर्थन में प्रचार करने के लिए स्टार प्रचारक के रूप में केंद्रीय राज्य मंत्री व असम के डिब्रूगढ़ क्षेत्र के सांसद रामेश्वर तेली बालोद ब्लाक के विभिन्न गांव में आमसभा में शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की मोदी सरकार की उपलब्धियां को गिनाया और घोषणाओं के बारे में बताया। तो साथ ही भूपेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ कर्ज माफी के भरोसे प्रलोभन दिखाकर चुनाव जीतने की बात करने वाली कांग्रेस अपने इस 5 साल के कार्यकाल में 85000 करोड़ का कर्ज लेकर बैठी है। उन्हें लगता है कि अगर उनकी सत्ता नहीं आई तो जो भी सरकार बनेगी उन्हें उस कर्ज का बोझ उठाना पड़ेगा और अगर कांग्रेस दोबारा आ जाती है तो फिर वह कर्ज का आंकड़ा बढ़ता ही जाएगा और जनता पर बोझ डाला जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान हित में निर्णय भाजपा ने भी लिए हैं। सभी वर्गों का ध्यान भाजपा की घोषणा पत्र में रखा गया है।छत्तीसगढ़ इन पांच सालों में विकास के मामले में काफी पीछे चला गया है।उन्होंने नया रायपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि आज वहां विकास नहीं हो रहा है। जब भाजपा सरकार थी तो वह प्रोजेक्ट शुरू हुआ लेकिन कांग्रेस ने उसे दरकिनार कर दिया है। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार केंद्र की मोदी सरकार से मदद इसलिए नहीं मांगती कि अगर मदद मिल तो नाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का हो जाएगा। ऐसे में वह जनता के हितों को दरकिनार करते हुए विकास कार्यों को पीछे ले जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ का विकास अवरूद्ध हो रहा है। कई प्रधानमंत्री आवास बने नहीं, जल जीवन मिशन में भी लापरवाही हुई। ऐसे कई योजनाएं हैं जो अधूरे पड़े हैं। उन्होंने अपने जीवनी बताते हुए कहा वे बालोद ब्लॉक के ग्राम घुमका से ताल्लुक रखते हैं।

उनके पूर्वज यहां रहे हैं। हालांकि उनका जन्म असम में ही हुआ है। अंग्रेजों द्वारा उनके पूर्वजों को असम के बागानों में चाय की खेती करने के लिए गए थे। जहां उनका जन्म हुआ और 26 साल की उम्र में ही पहली बार विधायक बने तीन बार विधायक और दो बार सांसद रहे हैं। वर्तमान में मोदी कैबिनेट के भी राज्य मंत्री के रूप में हिस्सा हैं। इस तरह भाजपा से जुड़कर उन्हें असम के लोगों से काफी प्यार मिला और वे क्षेत्र के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहे हैं। इन्हीं बातों को छत्तीसगढ़ में दोहराने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार लाएंगे और केंद्र में भी जब भाजपा की सरकार रहेगी तो सभी राज्यों का विकास तेजी से होगा। आज कांग्रेस उत्तर पूर्वांचल में साफ हो चुका है। कई राज्यों में कांग्रेस की सत्ता ही नहीं बची है। छत्तीसगढ़ में भी हमें कांग्रेस को साफ करना है। ताकि केंद्र और राज्य दोनों सरकार एक होकर मिलकर विकास में तेजी ला सके और इस देश की उन्नति के लिए उन्होंने भाजपा के प्रत्याशी राकेश यादव को जिताने की अपील भी की। इस दौरान उनके मूल निवास घुमका में लोगों की भीड़ जुटी और उनका विशेष अभिनंदन किया गया। आसपास के गांव में भी पहुंचे तो लोग उन्हें देखने के लिए उत्सुक थे। आम सभाओं को भाजपा प्रत्याशी राकेश यादव और भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पवार ने भी संबोधित किया। सभा के बाद स्वयं केंद्रीय राज्य मंत्री रामेश्वर तेली लोगों के बीच जाकर उनसे आत्मीयता से मिलते नजर आए।
जुआ सट्टा पर उठाए सवाल

रामेश्वर तेली ने कांग्रेस को जुआ सट्टा खाईवालों को समर्थन करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी जी कहते हैं कि हमें ऐसे लोग नहीं चाहिए जो जुआ सट्टा को प्रसय देते हैं। उन्होंने पेट्रोल डीजल के दामों पर भी घेरा और कहा कि आसपास के राज्यों में छत्तीसगढ़ की तुलना में 6 से 7 रुपए सस्ता मिलता है। इस पर कोई आवाज नहीं उठाता है। और दिल्ली को दोष दिया जाता है। स्टेट का टैक्स लगाया हुआ है उसे हटा देना चाहिए। लेकिन कांग्रेस हटाती नहीं। जनता को जागरूक होना चाहिए। इसके लिए भाजपा को जिताना पड़ेगा। मध्य प्रदेश महाराष्ट्र में जो दाम मिलते हैं इस दाम पर तेल मिलना चाहिए। जब रमन सिंह की 15 साल सरकार थी तो सिर्फ 25000 करोड़ कर्ज ली गई थी। लेकिन इस कांग्रेस सरकार ने 5 साल में 85000 करोड़ का कर्ज ले ली है। भूपेश सोचते हैं कि अगर हमारी सरकार नहीं बनी तो जो सरकार आएगी वह भोगेगी। अगर कांग्रेस फिर से आ जाती है तो कर्ज का बोझ जनता पर कहीं ना कहीं अप्रत्यक्ष रूप से डाला जाएगा। हमें ऐसी सरकार नहीं चाहिए। हमें ऐसी सरकार चाहिए जो जनता के बारे में सोचे। हमारे घोषणा पत्र में कहा गया है कि आपके घर लड़की पैदा होती है तो आपको डेढ़ लाख रुपए मिलेगा।
