
यूनिसेफ और भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर में दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण संपन्न

बालोद। यूनिसेफ एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “तारुण्य वार्ता #पीरियड्स पर खुलकर” अभियान के अंतर्गत मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन (MHM) पर दो दिवसीय मास्टर ट्रेनर्स प्रशिक्षण कार्यक्रम 11 एवं 12 मई को रायपुर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर, देवेन्द्र नगर में संपन्न हुआ।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य के सभी जिलों से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के जिला संगठन आयुक्त, गाइडर एवं एडल्ट लीडर्स शामिल हुए। बालोद जिले से जिला संगठन आयुक्त नेमसिंह साहू, एएलटी गाइड कैप्टन तनुजा बंजारे, रेंजर लीडर पुष्पलता यादव एवं गाइड कैप्टन अन्नपूर्णा ध्रुव ने सहभागिता की।
“मासिक धर्म पर चुप्पी नहीं, संवाद जरूरी”
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हुआ। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म जैसे विषय पर चुप्पी नहीं बल्कि जागरूकता और संवाद की आवश्यकता है। हर बेटी को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक माहवारी प्रबंधन का अधिकार मिलना चाहिए।
पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा अभियान
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने कहा कि यूनिसेफ के सहयोग से शुरू की गई यह मुहिम पूरे छत्तीसगढ़ में हर वर्ग तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 28 मई को इस अभियान का समापन मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।
मिथकों और झिझक को खत्म करेगा अभियान
यूनिसेफ छत्तीसगढ़ की प्रमुख सीमा कुमार ने कहा कि यह अभियान लड़कियों की गरिमा, समानता और स्वास्थ्य सुरक्षा से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि यह पहल माहवारी से जुड़े मिथकों, झिझक और अनावश्यक पाबंदियों को समाप्त करने का कार्य करेगी। साथ ही लड़कों को भी इस विषय के प्रति जागरूक बनाया जाएगा।
यूनिसेफ के व्यवहार परिवर्तन विशेषज्ञ अभिषेक सिंह ने अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे किशोरों में मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा भ्रांतियों में कमी आएगी।
विशेषज्ञों ने दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
कार्यक्रम में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मसीह ने मासिक धर्म एवं स्वच्छता प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दीं। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस यूनिसेफ के एसबीसी कंसलटेंट अभिषेक त्रिपाठी, वॉश ऑफिसर बिरजा कबी सतपथी एवं आशिष कुमार ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
पोस्टर विमोचन और संकल्प भी कराया गया
कार्यक्रम के दौरान राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा ने प्रतिभागियों को मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन का संकल्प दिलाया। अतिथियों द्वारा अभियान के पोस्टर का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) पूनम सिंह साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन राज्य संयुक्त सचिव बीना यादव द्वारा किया गया।
बालोद जिले में खुशी का माहौल
बालोद जिले के प्रतिभागियों की सहभागिता पर जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी, राज्य आयुक्त गाइड सीमा साहू, जिला सचिव केएल गजेंद्र, संयुक्त सचिव मधुमाला कौशल, डीओसी गाइड प्रेमलता चंद्राकर सहित समस्त पदाधिकारियों एवं स्काउटर-गाइडर ने हर्ष व्यक्त किया।
