DAILY BALOD NEWS

EDITOR IN CHIEF – DEEPAK YADAV.9755235270

Advertisement

पर्यावरण का संरक्षण एवं संर्वधन करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी: कलेक्टर कुलदीप शर्मा

बालोद। पर्यावरण संरक्षण का दायित्व निभाने की बात कहते हुए बालोद शहर के विभिन्न स्थानों में पर्यावरण दिवस पर विविध आयोजन हुए। जहां बच्चों से लेकर बड़ों और नेताओं से लेकर अफसरों ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर संकल्प लिया और दूसरों को भी जागरूक करने की बात कही। कलेक्टर श्री कुलदीप ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा पर ही समूचे पारिस्थितिक तंत्र, जीव जगत सहित पूरे विश्व की सुरक्षा सन्निहित है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण के ऊपर किसी भी प्रकार के खतरा आने पर उसका बहुत ही प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए पर्यावरण की सुरक्षा के साथ-साथ उसका संरक्षण एवं संवर्धन करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। श्री शर्मा आज विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बालोद के बुढ़ा तालाब में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में अपना उद्गार व्यक्त कर रहे थे। कलेक्टर श्री शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों से पर्यावरण संरक्षण से संबंधित छोटी-छोटी आदतों को अपना कर पर्यावरण की सुरक्षा में अपनी बहुमूल्य भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विकास चोपड़ा, वनमण्डलाधिकारी श्री आयुष जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, एसडीएम श्रीमती शीतल बंसल सहित जन प्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन के कार्य में अपनी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर कलेक्टर श्री शर्मा ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण की सुरक्षा एवं जीव-जगत की रक्षा हेतु पेड़-पौधों के महत्व के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण सुरक्षा के महत्वपूर्ण एवं पूनीत कार्य में समाज के सभी वर्ग के लोगों का अनिवार्य भागीदारी होना अत्यंत आवश्यक है। श्री शर्मा ने कहा कि पर्यावरण के संरक्षण के कार्य में हमारे एसएलआरएम सेंटर के महिलाओं से लेकर स्वसहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पर्यावरण के संरक्षण का कार्य समाज के सभी वर्गों के सक्रिय सहयोग से ही संभव हो पाएगा। इसलिए इस कार्य में सभी वर्गों का अनिवार्य भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में जिला स्काउट-गाइड आयुक्त श्री गिरीश चंद्राकर, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री सुनील अग्रहरी सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्काउट-गाइड के विद्यार्थी एवं आम नागरिक तथा उपस्थित थे।

जिला पंचायत अध्यक्ष, कलेक्टर एवं अन्य जन प्रतिनिधियों सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने किया वृक्षारोपण

जिले के विभिन्न स्थानों में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत आज जिला मुख्यालय बालोद के सिवनी स्थित जिला पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनादेवी देशलहरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मिथलेश निरोटी, कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा, वनमण्डलाधिकारी श्री आयुष जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती मीना सत्येंद्र साहू एवं श्रीमती ललिता साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों ने वृक्षारोपण किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनादेवी देशलहरा ने आम के पौधे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री मिथलेश निरोटी ने जामून एवं कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा ने सफेद चंदन के पौधे का रोपण किया।

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में हुआ वृक्षारोपण

कलेक्टर श्री कुलदीप शर्मा एवं जिला प्रशासन के आला अधिकारियों ने आमापारा बालोद स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में पहुंचकर वृक्षारोपण किया। इस दौरान वनमण्डलाधिकारी श्री आयुष जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, एसडीएम श्रीमती शीतल बंसल, जिला शिक्षा अधिकारी श्री मुकुंद साव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी वृक्षारोपण किया। श्री शर्मा ने जिला पंचायत कार्यालय परिसर में सफेद चंदन एवं स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय परिसर में काजू के पौधे का रोपण किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री शर्मा ने मौके पर उपस्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के बच्चों से बातचीत कर विद्यालय में अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था के संबंध में जानकारी दी। इस दौरान श्री शर्मा ने कक्षा पहली में अध्ययनरत् नन्ही बालिका पूर्वा से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना और पूर्वा को कविता सुनाने को कहा। नन्हीं बालिका पूर्वा ने कलेक्टर एवं अधिकारियों को सुमधुर कविता सुनाई, नन्हीं पूर्वा की कविता सुनकर कलेक्टर एवं अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कलेक्टर श्री शर्मा ने नन्हीं बालिका पूर्वा की सुमधुर कविता पाठ से प्रसन्नचित होकर उसे पेन भेंट की। इसके अलावा उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी छोटे गमलें में लगे पौधें भेंट कर इसका रोपण करने तथा सुरक्षा के भी उपाय सुनिश्चित करने को कहा।

You cannot copy content of this page