दर्रा में हरदिहा साहू समाज का हुआ सामूहिक आदर्श विवाह, पूर्व मुख्यमंत्री पहुंचे 22 जोड़ों को आशीर्वाद देने



गुरुर। गुरुर विकासखंड के ग्राम दर्रा में बुधवार को हरदिहा साहू समाज का सामूहिक आदर्श विवाह समारोह हुआ। जहां समाज द्वारा 22 जोडे वर वधू का रीति रिवाज के साथ विवाह संपन्न कराया गया। इस आयोजन में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह नव दंपत्ति वर वधु को आशीर्वाद देने के लिए पहुंचे थे। यह कार्यक्रम समस्त ग्राम वासियों के सहयोग से छत्तीसगढ़ हरदिहा साहू समाज बालोद परिक्षेत्र द्वारा हाई स्कूल के पास मैदान में आयोजित था। जहां गुरुर, बालोद सहित अन्य क्षेत्र से भी हजारों की संख्या में सामाजिक बंधुओं शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर ही मंडप सजाकर तेल हरदी, मायन, बरात पानी ग्रहण जैसे अन्य रस्मों को विधि विधान के साथ पूरा किया गया। यह पूरा रस्म पंडित द्वारा ही मंत्रोचार द्वारा पूरा किया गया। जहां वर वधू को आशीर्वाद देने के लिए हजारों की संख्या में भी सामाजिक बंधु शामिल हुए। इस आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में कांकेर लोकसभा क्षेत्र के सांसद मोहन मंडावी, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, राजेंद्र राय, समाज के वरिष्ठ सोमनाथ साहू, महानंद साहू, नंदकुमार साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी पवार, हरदिहा साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष त्रिलोकी राम साहू, भाजपा मंडल गुरुर के अध्यक्ष कौशल साहू सहित अन्य सामाजिक बंधु व जनप्रतिनिधि गण मौजूद थे।

हरदिहा साहू समाज की आयोजन की पूर्व सीएम ने की सराहना

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने कहा कि समाज में परिवर्तन लाना है, समाज में व्याप्त कुरीतियों को दूर करना है, छत्तीसगढ़ में हरदिहा साहू समाज ने इस तरह आयोजन कर फिजूलखर्ची को बचाया है। समाज में अमीर हो या गरीब हो यहां आज 22 जोड़ी का सामूहिक रूप से विवाह हो रहा है। यहां कोई नहीं पूछ सकता कि कौन अमीर और कौन गरीब है। वर्तमान में विवाह जैसे आयोजन करने पर लाखों रुपया खर्चा होता है, लेकिन इस तरह समाज द्वारा एक साथ सामूहिक विवाह का आयोजन करने से कम खर्चे में ही विवाह संपन्न हो जाता है। जहां वर वधू को आशीर्वाद देने के लिए पूरा समाज आता है।

कांग्रेस सरकार को भी लिया आड़े हाथों

सामाजिक आयोजन में पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने वर्तमान कांग्रेस सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि हमारे रहते यहां कई योजनाएं चलती थी। जिन्हें वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया है। चाहे बात कन्यादान विवाह योजना की हो या फिर बुजुर्गों को तीरथ घुमाने की। कांग्रेस सरकार आवास तक नहीं बनवा सकी। मोदी सरकार ने उन्हें पूरा पैसा भेज दिया था। कांग्रेस सरकार को मोदी सरकार पूछते रहे कि हमारा आवास कब बनवा रहे हैं। तो भूपेश का कहना था कि मोला तो बस नरवा गरवा घुरवा बारी पता है, एक से ज्यादा कुछ नहीं जानो संगवारी। उन्होंने सामाजिक जनता से कहा कि आप नेता इसलिए चुनते हैं कि हमारे क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क, आवास, की सुविधा मिली लेकिन इस कांग्रेस के सत्ता में जुआ सट्टा शराब चल रहा है। शराबबंदी तो अभी तक हुई नहीं। घर घर शराब पहुंचा कर बेची जा रही है।

You cannot copy content of this page