Sat. Sep 21st, 2024

सार्वजनिक जीवन में भ्रष्ट्राचार के खतरे को दूर किए बिना किसी भी समाज की आर्थिक प्रगति संभव नहीं : झुनमुन गुप्ता

कृभको कार्यालय में हुआ सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ

कृभको ने किया सामूहिक परिचर्चा का आयोजन

रायपुर/बालोद । भारत की भ्रष्ट्राचार रोधी शीर्षस्थ निकाय “केंद्रीय सतर्कता आयोग” द्वारा प्रत्येक वर्ष 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाता है। इसी कड़ी में भारत में सहकारी क्षेत्र की जानी-मानी संस्था कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड कृभको की राज्य इकाई द्वारा भी शपथ ग्रहण समारोह व सामूहिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छग राज्य सहकारी संघ के अध्यक्ष झुनमुन गुप्ता ने उपस्थित सहकारी बंधुओं को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झुनमुन गुप्ता ने कहा कि सतर्कता आयोग द्वारा इस वर्ष के सतर्कता जागरूकता सप्ताह का विषय “सतर्क भारत, समृद्ध भारत” तय किया है। 31 अक्टूबर, सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिवस के कारण यह सप्ताह और भी महत्वपूर्ण हो जाता है। श्री गुप्ता ने कहा कि भ्रष्ट्राचार राष्ट्रीय विकास और प्रगति में बड़ी बाधा है। समृद्ध भारत के निर्माण के लिए भ्रष्टाचार का समूल नाश करना आवश्यक है। ईमानदारी को बढ़ावा देने के लिए जीवन के सभी क्षेत्रों में भ्रष्ट्राचार से निपटने का प्रयास होना चाहिए। उन्होने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में भ्रष्टाचार की परिभाषा भी सबके लिए अलग-अलग हो चुकी है। कोई किसी प्रकार के लेनदेन या अन्य कार्य को भ्रष्टाचार मानता है तो कोई उसी कार्य को भ्रष्टाचार के रूप में नहीं देखता है। उन्होने नीति कथाओं में से चाणक्य और चंद्रगुप्त की एक कथा का उदाहरण देते हुए कहा कि समाज और देश के संसाधनों का उपयोग एक अमानत समझ कर किया जाना चाहिए ना कि जागीर समझ कर। उन्होंने ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में भ्रष्ट्राचार के खतरे को दूर किए बिना किसी भी समाज की सामाजिक और आर्थिक प्रगति संभव नहीं है। हम सभी का कर्तव्य है कि एक सतर्क नागरिक बनें और भ्रष्टाचार रोकने में सहयोगी बनें।

आयोजक कृभको के मुख्य राज्य विपणन प्रबंधक जेपी सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य खेती किसानी और मार्केटिंग के क्षेत्र में पंजाब जैसे राज्यों से भी अच्छा है। यहां की मिट्टी दूषित नहीं है बल्कि रसायनिक खाद का उपयोग करने के कारण उर्वरा शक्ति कमजोर हो रही है। जिससे कारण किसी भी फसल के उत्पादन में कमी आती है। उन्होंने राज्य शासन के गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी नीति को शासन की अच्छी पहल बताते हुए कहा कि यह नीति जैविक खाद का निर्माण करने एवं मृदा उर्वरता के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। उन्होने संघ अध्यक्ष झुनमुन गुप्ता से आग्रह किया कि सहकारी सप्ताह में जैविक खेती पर परिचर्चा का आयोजन किया जावे।

कार्यक्रम में राज्य संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अपने उद्बोधन कहा कि केन्द्रीय सतर्कता आयोग के ध्येय वाक्य सतर्क भारत समृद्ध भारत को अपनाकर, पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ कार्य करके हम अपनी संस्था, अपने राज्य तथा अपने देश को सशक्त बना सकते है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झुनमुन गुप्ता को केपी चौरसिया, मुख्य प्रबंधक कृभको दुर्ग के द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में आशुतोष चंद्राकर सहायक प्रबन्धक कृभको रायपुर के द्वारा सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।

कार्यक्रम में कृभको के मुख्य राज्य विपणन प्रबन्धक जेपी सिंह, इफको के राज्य उपमहाप्रबंधक दिलीप कुमार सींवर, पीपीएल के राज्य विपणन प्रबंधक अतुल पाण्डेय, वरिष्ठ प्रबन्धक इफको केके सिंह, कृभको के कनिष्ठ क्षेत्रीय प्रतिनिधि रमेन दास एवं कृभको राज्य कार्यलय के समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Post

You cannot copy content of this page