Sat. Sep 21st, 2024

कोरोना ने रावण का कद किया छोटा, प्रत्यक्ष दर्शकों की संख्या घटी, डेली बालोद न्यूज़ के फेसबुक लाइव से हजारों ने घर बैठे देखा राज दशहरा

बालोद । बालोद के इतिहास में पहली बार कोरोना गाइडलान का पालन करते हुए एवं सीमित दर्शकों के बीच मात्र 10 फीट के रावण का पुतला दहन किया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच मास्क व सेनेटाइजर का उपयोग भी किया गया तो वही उत्सव स्थल में बिना मास्क वालो को प्रवेश नही दिया गया। कोरोना संक्रमण के चलते सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए सिर्फ भगवान राम, लक्ष्मण व लंकापति रावण अपनी-अपनी सेनाओं के बिना उत्सव स्थल पहुंचे। जहां कुछ देर तक रामलीला व दंगल युद्ध के बाद पुतला जलाया गया। सीमित संख्या में लोगों को प्रवेश के चलते इस बार जहां हजारों की भीड़ रहती थी वहां कम लोग ही पहुंचे थे। लेकिन दर्शकों को इस राज दशहरा का आनंद मिलता रहे इसके लिए डेली बालोद न्यूज़ के फेसबुक के जरिए इसका लाइव प्रसारण भी किया गया। हजारों लोगों ने घर बैठे सोशल मीडिया फेसबुक और व्हाट्सएप लिंक के जरिए राज दशहरा का उत्सव देखा। बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य यशवंत जैन ने कहा कि वे अभी दिल्ली में ही है। दिल्ली से ही उन्होंने डेली बालोद न्यूज़ के फेसबुक के जरिए लाइव बालोद का दशहरा देखा। हर साल वे जब भी बालोद में होते थे इसमें शामिल होते थे। लेकिन इस बार ऐसी स्थिति नहीं थी। पर राज दशहरा उन्होंने लाइव देख ही लिया। जिसकी अनुभूति भी अलग ही थी। इसी तरह और भी कई लोगों ने जो बालोद में अपने घर में थे या कहीं दूर थे वह भी लाइव इस कार्यक्रम को देखते रहे।

नही हुआ व्यायाम व मलखम प्रदर्शन
प्रत्येक वर्ष नगर के व्यायाम शाला समिति बजरंग दल के 50 से अधिक युवाओं के समूह द्वारा विभिन्न प्रकार के आकर्षक व्यायाम व मलखम प्रदर्शन कर हजारों दर्शकों के सामने अपनी कला की प्रस्तुति देते थे। लेकिन इस बार कोरोना महामारी के चलते व्यायाम प्रदर्शन का कार्यक्रम भी नही हो पाया।

जहां हजारों की संख्या में होते थे दर्शक, वहां गिनती की रही उपस्थिति
कोरोना काल के बीच जिला प्रशासन द्वारा दशहरा पर्व मनाने के लिए उत्सव स्थल में सोशल डिस्टेंस, मास्क तथा 50 की संख्या में दर्शक मौजूद रहने का आदेश जारी किए थे, ताकि कोरोना संक्रमण फैलने से बचा जा सके। जिला प्रशासन के इस आदेश का पालन करते हुए राज दशहरा उत्सव समिति व नगर पालिका के अध्यक्ष विकास चोपड़ा ने बहुत ही कम समय में दशहरा उत्सव को सम्पन्न करवाया।

पिछले वर्षों के मुताबिक इस बार दशरहा पर्व का कार्यक्रम महज 30 मिनट में ही सम्पन्न हो गया। शाम 7 बजे भगवान राम का आगमन के बाद अतिथियों के द्वारा पूजा अर्चना करते हुए शाम 7:30 बजे लंकापति रावण का पुतला दहन किया गया। पुतला दहन के इस कार्यक्रम में राज दशहरा उत्सव समिति व नगर पालिका के अध्यक्ष विकास चोपड़ा, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मीणा, एसडीएम सिल्ली थॉमस, तहसीलदार रश्मि वर्मा, बंटी शर्मा, निर्देश पटेल सहित टीआई जीएस ठाकुर, पुलिस के जवान व सीमित संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

Related Post

You cannot copy content of this page