पंचायती राज के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का हुआ ब्रह्माकुमारी परिवार द्वारा सम्मान

बालोद। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय आत्मज्ञान भवन आमापारा बालोद के तत्वाधान में ग्राम पंचायत ,जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष उपाध्यक्ष सदस्य एवं समस्त सरपंचों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू , जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया , जनपद उपाध्यक्ष दिनेश सिन्हा एवं जिला पंचायत सदस्य पूजा साहू सहित 50 से भी अधिक सरपंच एवं जनपद जिला पंचायत सदस्यों का आगमन हुआ। सभी को संबोधित करते हुए बीके सरिता दीदी ने आध्यात्मिकता का रहस्य समझाते हुए कहा कि अध्यात्म आज प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की आवश्यकता है। आध्यात्म को अपने जीवन में जोड़ने से अच्छे कार्य करने की प्रेरणा प्राप्त होती है। इसलिए सभी कार्य करते हुए अपने जीवन में आध्यात्मिक ज्ञान के लिए एक घंटा समय अवश्य निकालना चाहिए। जनपद अध्यक्ष सरस्वती टेमरिया ने कहा कि आज यहां आकर जो ज्ञान प्राप्ति हुई है वह हमारा सौभाग्य है। हम सब बहुत अच्छे विचारों के साथ काम करेंगे और यह ज्ञान धारण करके जीवन को श्रेष्ठ बनाएंगे। जनपद उपाध्यक्ष दिनेश सिन्हा ने कहा कि सोच अच्छा है तो आसमान छूना मुश्किल नहीं है अच्छा सोचें ,अच्छा खाएं ,अच्छा रहे तो सब अच्छा होगा और यह अच्छी सोच हमें यहां आने से प्राप्त हुई है। हमारे सारे काम सफल जरूर होंगे। जिला पंचायत सदस्य पूजा साहू ने कहा कि यहां आने पर हमें जो सकारात्मक ऊर्जा मिली है वह हमारे पूरे कार्यकाल तक साथ रहेगी, और हम जनता की उम्मीदो पर खरे उतरेंगे। जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू ने कहा कि निश्चित ही ब्रह्माकुमारीज परिवार द्वारा सभी सदस्यों को बुलाया गया है किंतु यहां तक जितने लोग पहुंच पाए हैं वह सौभाग्यशाली हैं ।यहां पर मिलने वाली सकारात्मक ऊर्जा से हमें सदैव सफलता के नए आयाम रचने की प्रेरणा प्राप्त होती है। ब्रह्माकुमारीज बालोद की मुख्य संचालिका बीके विजयलक्ष्मी दीदी ने कहा कि प्रत्येक स्थान पर हमें अच्छे और बुरे दोनों प्रकार के रास्ते मिलते हैं जहां हमें सोचना होता है कि किस मार्ग का चुनाव करना है,और जब हम अच्छे मार्ग का चुनाव करते हैं तो हमारे अधीनस्थ सभी सदस्य, परिवार, समाज एवं गांव हमारा अनुसरण करता है। आध्यात्मिक ज्ञान हमें सदैव अच्छे मार्ग का चुनाव करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करता है। अतः आप सभी भी ब्रह्माकुमारी द्वारा दी जाने वाली राजयोग की शिक्षा प्राप्त करने के लिए सदैव सादर आमंत्रित है।