बालोद। मितानिनों ने भी कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें नहीं मिल रहा है। और तो और उनकी सेवाओं के बदले प्रोत्साहन राशि भी समय पर नहीं दी जाती। मितानिनों द्वारा अब प्राइवेट अस्पतालों में भी नसबंदी शिविर व अन्य शिविर के अवसर पर देने वाले सेवाओं के बदले भी प्रोत्साहन राशि की मांग की है। इस सिलसिले में अपनी मांगों को लेकर मुखर होते हुए उनकी टोली नर्मदा धाम में इकट्ठा हुई। जहां जहां 600 से अधिक मितानिन अपनी मांगों पर चर्चा कर शासन प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य मितानिन संघ के आह्वान पर ब्लॉक इकाई डौंडीलोहारा की नर्मदाधाम सुरसुली में बैठक हुई। बैठक में मितानिनो ने प्रदेश सरकार के वादा खिलाफी पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में प्रत्येक मितानिन को 5-5 हजार रुपए देने का वादा किया था। लेकिन सत्ता में आने के बाद वादा भूल गए। कोरोना काल में अपनी जान जोखिम में डालकर मितानिन ने अपने बसाहट में सक्रियता के साथ कार्य किया। अब कोविड टीकाकरण में सहयोग कर रही है। इसका भत्ता भी नहीं दिया जा रहा है। मितानिनो ने प्रदेश सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। ब्लॉक में संघ के 608 सदस्य हैं। लंबे अंतराल के बाद संघ की बैठक होने पर मितानिनो ने नाराजगी व्यक्त की। भुरकाभाट की मितानिन रिखमा साहू ने कहा मितानिन को नाम मात्र की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। प्रत्येक कार्य के अनुसार प्रोत्साहन राशि को दोगुना देना चाहिए। खेरथा बाजार की मितानिन अर्चना प्रजापति ने कहा निजी अस्पतालों में होने वाले प्रसव, नसबंदी, मोतियाबिंद का ऑपरेशन सहित अन्य कार्य की राशि भी मितानिन को मिलनी चाहिए। वर्तमान में स्वास्थ्य चिकित्सालय में होने पर ही प्रोत्साहन राशि दी जाती है। मितानिन प्रशिक्षक ऐश्वर्या मति तिवारी ने कहा कि मितानिन कार्यक्रम के कार्यकर्ताओं को मेहनत के बाद भी सम्मानजनक राशि नहीं दी जाती। बैठक को ब्लॉक समन्वयक शोभा शर्मा, नैन साहू, चंद्रप्रभा सुधाकर, प्रशिक्षक केशव शर्मा, मितानिन अंजनी देवांगन, कांति साहू, लता देवांगन, उषा ठाकुर,नासरीन बेगम,लोभन पिसदा, धनेश्वरी देशलहरे,कुंजाबाई ने भी संबोधित किया। बैठक में ब्लाक इकाई के पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया। जिसमें अध्यक्ष अर्चना प्रजापति, उपाध्यक्ष लोभन पिस्दा व सुनैना, सचिव धनेश्वरी देशलहरा, कोषाध्यक्ष संगीता रामटेके तथा सलाहकार केशव शर्मा बनाए गए।
निजी अस्पतालों में प्रसव व शिविर में सेवा के बदले मितानिनों ने की प्रोत्साहन राशि की मांग, अधूरे वादों पर भी सरकार को कोसा, नर्मदा धाम में जुटे 600 से अधिक मितानिन
